नेपाल में प्रतिनिधि सभा की सभी 165 सीटों का परिणाम घोषित, राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी ने 125 निर्वाचन क्षेत्रों में जीत दर्ज की

Share

काठमांडू, 10 मार्च । निर्वाचन आयोग ने प्रतिनिधि सभा के सभी 165 निर्वाचन क्षेत्रों के परिणाम घोषित कर दिया। चुनाव में राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) को सर्वाधिक १२५ सीटों पर जीत हासिल हुई है। मंगलवार सुबह निर्वाचन आयोग ने पत्रकार सम्मेलन में प्रतिनिधि सभा के प्रत्यक्ष रूप से निर्वाचित हुए सभी १६५ निर्वाचन क्षेत्र के उम्मीदवारों की औपचारिक घोषणा कर दी ।

आयोग के मुताबिक सबसे अंत में संखुवासभा का परिणाम सोमवार रात जारी किया गया। वहां नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी (एमाले) के अर्जुन कुमार कार्की ने राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के मिंगमा शेर्पा को पराजित किया। आयोग ने बताया कि उम्मीदवारी खारिज होने के कारण विवादों में रहे धनुषा-1 निर्वाचन क्षेत्र में आयोग ने नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी (नेकपा) के मातृका प्रसाद यादव को विजयी होने का प्रमाणपत्र दिया है। हालांकि, उम्मीदवारी खारिज किए जाने के बाद आरएसपी के उम्मीदवार इस मामले को लेकर अदालत पहुंच गए हैं।

प्रत्यक्ष निर्वाचन प्रणाली के तहत सीटों का परिणाम

राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी – 125 सीट

नेपाली कांग्रेस – 18 सीट

नेकपा (एमाले) – 9 सीट

नेकपा (पूर्व में माओवादी नाम) – 8 सीट

श्रम संस्कृति पार्टी – 3 सीट

राष्ट्रीय प्रजातंत्र पार्टी – 1 सीट

म्याग्दी से स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ने वाले महावीर पुन भी निर्वाचित हुए हैं।

प्रतिनिधि सभा के 275 सदस्यों के चुनाव के लिए ५ मार्च को पूरे देश में को मतदान कराया गया था। वहीं समानुपातिक प्रणाली के तहत अब तक एक करोड़ मतों की गिनती पूरी हो चुकी है।