नेपाल के दुर्गम इलाकों से मतपेटियां लाने में दिक्कत, हेलीकॉप्टरों की मदद ली जाएगी

Share

काठमांडू, 06 मार्च । नेपाल के हिमालयी जिला डोल्पा के सभी मतदान केंद्रों पर मतदान सम्पन्न होने के 24 घंटे बाद मतपेटियों को जिला मुख्यालय दुनै तक पहुंचाने में 24 घंटे का समय लगा है। जिले में निर्धारित स्थायी और अस्थायी सभी 70 मतदान केंद्रों से मतपेटियां एकत्र करके मुख्य निर्वाचन अधिकृत के कार्यालय दुनै में जमा कर दी गई हैं। अब पांच हेलीकॉप्टरों की मदद से मतदान में तैनात सभी कर्मचारियों को भी मुख्यालय लाया जाएगा।

प्रमुख जिला अधिकारी जुनु हमाल ढकाल ने जानकारी दी कि भौगोलिक रूप से दुर्गम, सड़क नेटवर्क से बाहर और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मतदान केंद्रों से शुक्रवार भर हेलीकॉप्टर के माध्यम से मतपेटिका मुख्यालय तक लाने का काम किया गया। उनके अनुसार शुरू में योजना थी कि शुक्रवार दोपहर तक सभी मतपेटिका दुनै पहुंचा दी जाएंगी, लेकिन जिले में तेज हवा चलने के कारण हेलीकॉप्टर उड़ान प्रभावित होने से इसमें देरी हो गई। शुक्रवार सुबह तक त्रिपुरासुन्दरी गाउँपालिका, ठूलीभेरी नगरपालिका, काइके गाउँपालिका और मुड्केचुला गाउँपालिका के अंतर्गत आने वाले मतदान केंद्रों से मतपेटिकाएँ दुनै पहुंचाई जा चुकी थीं।

उन्होंने कहा कि पहले चरण में सभी मतपेटिकाएँ जिला मुख्यालय तक पहुंचा दी गई हैं। अब दूसरे चरण में पांच हेलीकॉप्टरों की मदद से मतदान में तैनात सभी कर्मचारियों को भी मुख्यालय लाया जाएगा। मुख्य निर्वाचन अधिकृत के कार्यालय के अनुसार सभी मतदान केंद्रों से मतपेटिकाएँ एकत्र हो जाने के बाद अब मतगणना शुरू करने से पहले सर्वदलीय बैठक आयोजित करने की तैयारी की जा रही है। इस बैठक के बाद मतगणना शुरू करने का समय तय किया जाएगा।