सारण में राष्ट्रीय लोक अदालत का हुआ आयोजन

Share

सारण, 14 मार्च । जिले के नागरिकों को सुलभ और त्वरित न्याय दिलाने के उद्देश्य से व्यवहार न्यायालय छपरा के परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत का शुभारंभ किया गया। इस कार्यक्रम का उद्घाटन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पुनीत कुमार गर्ग, जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव, वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार और जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव ब्रजेश कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए न्यायिक व प्रशासनिक अधिकारियों ने लोक अदालत के महत्व पर प्रकाश डाला।

जिला एवं सत्र न्यायाधीश पुनीत कुमार गर्ग ने कहा कि लोक अदालत न्याय पाने का सबसे सरल, सस्ता और सुलभ माध्यम है। यहाँ आपसी सहमति और सुलह के आधार पर बिना किसी जटिल कानूनी प्रक्रिया के मामलों का त्वरित निपटारा किया जाता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि लोक अदालत में निपटाए गए मामलों के फैसले अंतिम होते हैं और इनके खिलाफ किसी भी अन्य न्यायालय में अपील का प्रावधान नहीं होता, जिससे विवादों का स्थायी समाधान मिलता है।

इस राष्ट्रीय लोक अदालत में बैंक ऋण, बिजली बिल, वैवाहिक विवाद, श्रम विवाद, परिवहन विभाग और छोटे आपराधिक मामलों की प्रमुखता रही।

इस अवसर पर जिले के अन्य वरिष्ठ न्यायिक पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। लोक अदालत के माध्यम से न केवल न्यायालयों का बोझ कम होगा, बल्कि वर्षों से लंबित मामलों में पक्षकारों को मानसिक शांति भी प्राप्त होगी।