जिला महिला शतरंज चैंपियन बनीं नर्गिस निशा, नन्हे खिलाड़ियों के बीच हुए रोमांचक मुकाबले

Share

किशनगंज, 26 मार्च । स्थानीय दिगंबर जैन भवन में गुरुवार को जिला शतरंज संघ एवं उसके लर्निंग पार्टनर चेस क्रॉप्स अकादमी के संयुक्त तत्वावधान में नन्हे शतरंज खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले आयोजित किए गए। प्रतियोगिता में लगभग 150 बाल खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। संघ के मानद महासचिव शंकर नारायण दत्ता एवं आयोजन सचिव तथा चेस क्रॉप्स के प्रमुख कमल कर्मकार ने बताया कि अंडर-7, अंडर-9 एवं अंडर-11 आयु वर्ग के बालक एवं बालिकाओं की प्रतियोगिताएं संपन्न कराई गईं।

प्रतियोगिता में अंडर-7, अंडर-9 एवं अंडर-11 बालक-बालिका वर्गों में क्रमशः जैश शेखर साहा, सांवी राठौर, आदर्श भास्कर, अमैरा रहमान, अनंत कार्ण एवं आस्था कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं हितांश दफ्तरी, विदिशा दास, अथर्व राज, अपर्णा शर्मा, अंश साहा एवं निवांशी जालान द्वितीय स्थान पर रहे। जबकि विवान अग्रवाल, जीविका चितलांगिया, मोहम्मद इरशाद अंसारी, तनु प्रिया, श्रीजय पाल एवं आयुषी रंजन दास ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी क्रम में बुधवार को संपन्न ओपन महिला वर्ग में इंसान स्कूल की नर्गिस निशा जिला महिला शतरंज चैंपियन बनीं। धान्वी कर्मकार, पलचीन जैन, तराशा कुमारी एवं दृष्टि दिया प्रामाणिक ने क्रमशः दूसरे से पांचवें स्थान तक स्थान प्राप्त किया। इस अवसर पर संघ के उपाध्यक्ष एवं कार्यक्रम के सह-प्रायोजक स्पीड किड्स विद्यालय के दीप कुमार, सेंट जेवियर्स स्कूल रूईधासा के अजय टिर्की, यूरो किड्स के शेखर साहा, मुकेश कुमार, नीरोज खान, सुधांशु सरकार, रौनक कुमार, पलचीन जैन, जयश्री प्रभा, आयुष कुमार सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।