श्योपुर लाया जा रहा 90 किलो नकली पनीर जब्त

Share

श्योपुर 10 मार्च । मध्य प्रदेश के श्योपुर में नकली खाद्य सामग्र्री का कारोबार चरम सीमा पर चल रहा है। नकली मावा और पनीर को यहां खपाया जा रहा है। मंगलवार को मुरैना से श्योपुर लाये जा रहे 90 किलो नकली पनीर को जब्त करने की कार्यवाही श्योपुर एसडीएम द्वारा की गई है।

प्रशासनिक अमले को सूचना मिली कि मुरैना से राधिका बस में भारी मात्रा में नकली पनीर लाया जा रहा है। सूचना के बाद श्योपुर एसडीएम गगन सिंह मीणा के नेतृत्व में प्रशासनिक अमला बस स्टेंड पर पहुंचा और यहां 90 किलो पनीर जब्त करने की कार्यवाही की गई। उक्त पनीर को राधिक ट्रेवल्स मुरैना की बस क्रमांक एमपी 06 पी 1505 से श्योपुर लाया गया था।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी धर्मेन्द्र जैन ने बताया कि उक्त पनीर श्रीरामतलाई हनुमान मंदिर के सामने स्थित प्रधान डेयरी श्योपुर के लिए लाया जाना पाया गया है। डेयरी मालिक सुनील कुमार गोयल को मौके पर उपस्थित करते हुए पनीर के मानक स्तर की जांच हेतु नमूने लिये गये है तथा सैम्पल जांच के लिए राज्य स्तरीय प्रयोगशाला भोपाल भेजे गये हैं। जांच प्रतिवेदन आने के उपरांत विधिवत कार्यवाही की जायेगी। कार्यवाही के दौरान तहसीलदार मनीषा मिश्रा, पटवारी पुरूषोत्तम राठौर आदि मौजूद रहे।

खाने योग्य भी नहीं था पनीर, किया नष्ट

खाद्य सुरक्षा अधिकारी धर्मेन्द्र जैन ने जानकारी दी कि प्रशासनिक अधिकारियों की मौजदूगी में जब्त किया गया पनीर की प्राथमिक जांच की गई, जिसमें पनीर खाने योग् भी नहीं है। उक्त पनीर के विनष्टिकरण की कार्यवाही की गई है।

शादियों के चक्कर में मंगवाया जा रहा नकली मावा और पनीर

इन दिनों शादियों का सीजन चल रहा है। 9 मार्च 10 और 11 मार्च को साहलग के चलते पनीर और मावे की जमकर डिमांड हो रही है। यही वजह है कि इन दिनों नकली मावा और पनीर का धडल्ले से उपयोग हो रहा है। शादियों में मिलने वाले ऑर्डर की पूर्ति के चक्कर में ग्वालियर और मुरैना से नकली मावा और पनीर मंगवाया जा रहा है।