मंडलाः फिट इंडिया वुमन्स वीक-2026 के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

Share

मंडला, 09 मार्च । मध्य प्रदेश के मंडला जिले में कलेक्टर सोमेश मिश्रा के निर्देशन एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी शालिनी तिवारी के मार्गदर्शन में वन स्टॉप सेंटर द्वारा सोमवार को ग्राम पंचायत सेमरखापा में ’फिट इंडिया वुमन्स वीक-2026’ के अंतर्गत थीम आधारित आउटरीच गतिविधियों का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं को फिट इंडिया वुमन्स वीक के उद्देश्य से अवगत कराते हुए आत्मरक्षा, सुरक्षा एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया। महिलाओं को प्रतिदिन योगाभ्यास एवं नियमित व्यायाम अपनाने के लिए प्रेरित किया गया, जिससे वे शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रह सकें।

कार्यक्रम में प्रभारी प्रशासक मधुलिका उपाध्याय ने बताया कि महिला सशक्तिकरण का उद्देश्य महिलाओं को सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक रूप से स्वतंत्र, सक्षम तथा समान अधिकार प्रदान करना है, ताकि वे अपने जीवन से जुड़े निर्णय स्वयं ले सकें। उन्होंने कहा कि शिक्षा, सुरक्षा और स्वास्थ्य की उपलब्धता महिलाओं के सशक्तिकरण के प्रमुख आधार हैं। उन्होंने जानकारी दी कि बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’, नारी शक्ति वंदन अधिनियम तथा वन स्टॉप सेंटर जैसी पहलें महिलाओं को आत्मनिर्भर एवं सुरक्षित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। हिंसा से प्रभावित महिलाओं को कानूनी सहायता, चिकित्सा सुविधा और अस्थायी आश्रय प्रदान करने के लिए ’सखी केंद्र (वन स्टॉप सेंटर) तथा महिला हेल्पलाइन 181 सक्रिय रूप से कार्य कर रही है।

कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि बालिकाओं के प्रति सम्मान और लिंगानुपात में सुधार के लिए विभिन्न योजनाएँ संचालित की जा रही हैं। कार्यस्थलों पर महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए वर्किंग वुमन हॉस्टल तथा शी-बॉक्स पोर्टल जैसी सुविधाएँ भी उपलब्ध कराई गई हैं। कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं एवं प्रतिभागियों को बाल विवाह मुक्त भारत के निर्माण के लिए शपथ भी दिलाई गई। इस अवसर पर ग्राम पंचायत के सरपंच, सचिव, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, बहुउद्देशीय कार्यकर्ता आरती वरकड़े सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।