छिंदवाड़ा, 02 मार्च । मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के कुंडीपुरा थाना क्षेत्र में सिवनी रोड पर रविवार की रात एक बोलरो से टक्कर के बाद तेज रफ्तार कार के सीएनजी टैंक में विस्फोट हो गया। इससे कार में भीषण आग लग गई। इस हादसे में कार सवार पिता-पिता पुत्र की जिंदा जलने से मौत हो गई।
सोमवार को घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें कार धू-धू कर जलती हुई साफ देखी जा सकती है। हादसा इतना भीषण था कि उसमें सवार पिता-पुत्र को बाहर निकलने का मौका ही नहीं मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतकों की पहचान 61 वर्षीय अमृत सिंह और 22 वर्षीय पुत्र अरुण सिंह के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, छिंदवाड़ा के परासिया निवासी 61 वर्षीय अमृत सिंह डब्ल्यूसीएल के रिटायर्ड कर्मचारी थे। वे अपने बेटे अरुण के साथ उत्तर प्रदेश में पुश्तैनी गांव से लौट रहे थे। इसी दौरान यह हादसा हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार तेज रफ्तार में थी। कार अरुण सिंह चला रहा था। सिवनी रोड पर परासिया से करीब 40 किलोमीटर दूर रात करीब 3 बजे उनकी कार बेकाबू होकर सड़क किनारे लगे साइन बोर्ड से टकराई और इसके बाद जय अम्बे गैरेज के सामने खड़ी बोलेरो से जा भिड़ी। इस दौरान कार में लगे सीएनजी सिलेंडर में आग लग गई। देखते ही देखते कार आग का गोला बन गई। कार में सवार पिता-पुत्र को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। आग इतनी भयानक थी कि गैरेज में खड़ी दो अन्य गाड़ियां भी जलकर खाक हो गईं।
हादसे के बाद जय अम्बे गैराज के ऑपरेटर ने तुरंत कुंडीपुरा पुलिस को जानकारी दी। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक पिता-पुत्र के शव पूरी तरह जल चुके थे।
कुंडीपुरा थाना प्रभारी महेंद्र भगत ने बताया कि मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल की मॉर्च्यूरी में भेज दिया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच से पता चलता है कि देर रात गाड़ी चलाते समय झपकी आना हादसे का मुख्य कारण था। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।