यमुनानगर:लापता युवती प्रकरण पर महापंचायत, जाम लगाकर किया प्रदर्शन

Share

यमुनानगर, 29 मार्च । यमुनानगर में एक युवती के लापता होने का मामला अब संवेदनशील रूप लेता जा रहा है। व्यासपुर क्षेत्र के एक गांव से संबंधित इस प्रकरण को लेकर रविवार को आयोजित महापंचायत के बाद ग्रामीणों ने व्यासपुर चौक पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। जानकारी के अनुसार, 19 वर्षीय युवती के लापता होने के बाद परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।

परिजनों का आरोप है कि मुस्लिम समुदाय का एक युवक उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया, जिसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल पाया है।

मामले को लेकर क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है। महापंचायत में बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए।

पंचायत के उपरांत लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए मुख्य मार्ग को अवरुद्ध कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने युवती की शीघ्र बरामदगी की मांग करते हुए नारेबाजी की। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने मौके पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया है।

पुलिस अधिकारी स्वयं घटनास्थल पर मौजूद रहकर लोगों को समझाने और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास कर रहे हैं। साथ ही शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने पूर्व में पुलिस को युवती की बरामदगी के लिए समय सीमा दी थी, लेकिन निर्धारित अवधि बीत जाने के बाद भी ठोस परिणाम सामने नहीं आए।

इसी कारण अब उनका आक्रोश बढ़ गया है।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि युवती को जल्द सुरक्षित बरामद नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। वहीं पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं और विभिन्न पहलुओं पर जांच की जा रही है।