मरार समाज ने दाे युवकों पर जानलेवा हमला करने वालाें पर कड़ी कार्रवाई की मांग का साैंपा ज्ञापन

Share

बीजापुर, 27 मार्च । जिले के मद्देड़ थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। ग्राम दम्पाया के दो युवकों पर करीब 20-25 दबंगों ने न केवल जानलेवा हमला किया, बल्कि मानवता को शर्मसार करते हुए उन्हें अर्धनग्न कर उनका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इस घटना के विरोध में मरार समाज सहित अन्य पिछड़ा वर्ग संगठनों ने मद्देड़ थाना प्रभारी को आज शुक्रवार काे ज्ञापन सौंपकर आरोपिताें की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

वायरल तस्वीरों में पीड़ितों संतोष कावटी और विकास कावटी की हालत कितनी गंभीर है। एक युवक बेसुध हालत में जमीन पर पड़ा है, जिसके चेहरे और शरीर पर चोट के गहरे निशान हैं। हमलावरों ने उन्हें अपमानित करने के लिए अर्धनग्न अवस्था में छोड़ दिया। मरार समाज के प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने एकजुट होकर मद्देड़ थाना प्रभारी को अपना शिकायती पत्र सौंपा। पुलिस अधिकारी वर्दी में आवेदन स्वीकार करते नजर आ रहे हैं।

शिकायती पत्र में घटना की पूरी भयावहता विस्तार से लिखी है, घटना 26 मार्च की शाम काे पीड़ित अपनी दीदी के घर से बकरा लेकर लौट रहे थे। नदी के किनारे वंगापल्ली गांव के पास 20-25 लड़के जो क्रिकेट खेल कर आ रहे रहे थे, उन्हाेने दाेनाे पीड़ित युवकाें काे घेर लिया और करीब 1 घंटे तक क्रिकेट बैट और स्टंप से पीटते रहे। हमलावरों ने पीड़ितों से 3 मोबाइल फोन, सोने की चेन, गाड़ी और एक बकरा भी छीन लिया। उन्हें अर्धनग्न कर लात-घूसों से पीटा गया और इस पूरे कृत्य का वीडियो बनाकर व्हाट्सएप ग्रुपों में वायरल कर दिया। दोनों पीड़ित युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पहले उन्हें मद्देड़ अस्पताल ले जाया गया, फिर जिला अस्पताल बीजापुर रेफर किया गया। संतोष कावटी की हालत गंभीर होने पर उन्हें रायपुर रेफर कर दिया गया है। घायल संतोष कावटी एक शासकीय कर्मचारी हैं और डाईट में पदस्थ हैं।

बीजापुर एसपी जितेंद्र यादव ने “जिला वासियों से अपील करते हुए कहा सतर्क रहें, लेकिन कानून हाथ में न लें। ऐसी घटनाओं की सम्बंधित थाना में संपर्क करे। उन्हाेने बताया कि पुलिस ने इस मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।