भोपाल, 09 मार्च । मध्य प्रदेश में इस साल मार्च की शुरुआत से ही गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। महीने के पहले ही सप्ताह में अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 3 डिग्री सेल्सियस ज्यादा दर्ज किया गया है। मालवा-निमाड़ क्षेत्र, यानी इंदौर और उज्जैन संभाग के कई शहरों में तापमान 39 डिग्री तक पहुंच गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है और अगले 4 से 5 दिनों तक मौसम का यही रुख रहने की संभावना है। उन्होंने बताया कि 9 मार्च से एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जिसका असर आगे के मौसम पर पड़ सकता है। बीते रविवार को रंगपंचमी के दिन रतलाम प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। वहीं इंदौर, उज्जैन, भोपाल, ग्वालियर और जबलपुर में भी दिनभर तेज धूप और गर्मी का असर देखने को मिला।
रतलाम में 39 डिग्री, कई शहरों में 36 डिग्री के पार
रविवार को प्रदेश के लगभग सभी शहरों में गर्मी का असर रहा। प्रमुख शहरों में उज्जैन का तापमान सबसे ज्यादा 36.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद ग्वालियर में 36.5 डिग्री, इंदौर में 35.8 डिग्री, भोपाल में 34.8 डिग्री और जबलपुर में 34.4 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। अन्य शहरों की बात करें तो रतलाम में पारा 39 डिग्री तक पहुंच गया। नर्मदापुरम में 38.1 डिग्री, गुना और सागर में 37.4 डिग्री तथा श्योपुर में 37 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। प्रदेश के बाकी शहरों में भी तापमान 32 डिग्री सेल्सियस से ऊपर ही रहा।
हवा की दिशा बदलने से बढ़ी गर्मी
मौसम विभाग के मुताबिक इस बार मार्च में पिछले साल की तुलना में ज्यादा गर्मी महसूस की जा रही है। अधिकांश शहरों के सामान्य तापमान में 2 से 3 डिग्री तक बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसका मुख्य कारण हवा की दिशा में बदलाव है। फिलहाल हवाएं उत्तर-पूर्व की बजाय पश्चिम और उत्तर-पश्चिम दिशा से चल रही हैं। इसके अलावा हवा में नमी की मात्रा भी काफी कम है। रेगिस्तानी इलाकों से आने वाली गर्म हवाएं प्रदेश में तापमान बढ़ाने का काम कर रही हैं।
मार्च की शुरुआत में ही गर्मी का असर
प्रदेश में आमतौर पर मार्च के दूसरे पखवाड़े के बाद तेज गर्मी का दौर शुरू होता है। पिछले करीब 10 वर्षों में 15 मार्च के बाद ही तापमान में तेज बढ़ोतरी देखने को मिली है, लेकिन इस बार यह ट्रेंड बदल गया है और महीने की शुरुआत में ही पारा तेजी से चढ़ने लगा है। अगले चार दिनों में अधिकतम तापमान में करीब 4 डिग्री तक और बढ़ोतरी हो सकती है। अनुमान यह भी है कि इस साल अप्रैल और मई में लू का असर रहेगा और करीब 15 से 20 दिन तक हीट वेव की स्थिति बन सकती है।