सूरजपुर, 12 मार्च । प्रतापपुर क्षेत्र में होटल, रेस्टोरेंट और दुकानों में घरेलू गैस सिलेंडर के व्यावसायिक उपयोग की शिकायत पर खाद्य एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने गुरुवार को विभिन्न प्रतिष्ठानों में जांच अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान कुल 14 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए।
जांच में 10 सिलेंडर 14.2 किलोग्राम और 4 सिलेंडर 5 किलोग्राम के पाए गए, जिन्हें जप्त कर इंडेन एजेंसी प्रतापपुर को सौंप दिया गया।
तहसीलदार, नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक और खाद्य निरीक्षक की संयुक्त टीम ने कुल पांच प्रतिष्ठानों की जांच की। नया बस स्टैंड स्थित रोशन डेली नीड्स से सबसे अधिक 10 सिलेंडर जप्त किए गए। इसके अलावा पुराना बस स्टैंड स्थित शुभम होटल और जायसवाल होटल तथा नया बस स्टैंड के मंगलेश डेली नीड्स और परवेज कुमार के प्रतिष्ठान से एक-एक सिलेंडर जप्त किया गया।
जिला खाद्य अधिकारी ने बताया कि, घरेलू गैस सिलेंडर का व्यावसायिक उपयोग नियमों के विरुद्ध है। इससे आम उपभोक्ताओं को मिलने वाली रसोई गैस की आपूर्ति प्रभावित होती है।
उन्होंने व्यापारियों से अपील की है कि वे अपने प्रतिष्ठानों में केवल कमर्शियल सिलेंडर का ही उपयोग करें। साथ ही चेतावनी दी कि इस तरह की जांच आगे भी जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।