पानीपत: गैस की किल्लत के विरोध में आम आदमी पार्टी ने किया प्रदर्शन

Share

पानीपत, 14 मार्च । पानीपत में घरेलू व व्यावसायिक एलपीजी गैस की लगातार बढ़ती किल्लत के विराेध में आम आदमी पार्टी ने बबैल रोड स्थित छोटू राम चौंक पर प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष व प्रवक्ता सुरेंद्र अहलावत के नेतृत्व में प्रदर्शन किया । प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

इस अवसर पर वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष व प्रवक्ता सुरेंद्र अहलावत ने शनिवार काे कहा कि प्रदेश में एलपीजी गैस की किल्लत के कारण कई छोटे और मध्यम स्तर के उद्योग प्रभावित हो रहे हैं। जिन उद्योगों में गैस का उपयोग उत्पादन प्रक्रिया में होता है, वहां कामकाज ठप पड़ने की स्थिति बन रही है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते सरकार ने इस समस्या का समाधान नहीं किया तो उद्योगों को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ रोजगार पर भी असर पड़ेगा। उन्होंने सरकार से मांग की कि गैस आपूर्ति की व्यवस्था को तुरंत दुरुस्त किया जाए।

करनाल लोकसभा अध्यक्ष अजय सिंगला ने कहा कि उज्ज्वला योजना के नाम पर सरकार ने गरीब परिवारों को राहत देने के बड़े-बड़े दावे किए थे, लेकिन आज स्थिति यह है कि कई लाभार्थियों को समय पर सिलेंडर ही नहीं मिल रहा। उन्होंने कहा कि गरीब परिवारों को गैस उपलब्ध न होने के कारण फिर से लकड़ी और अन्य पारंपरिक साधनों पर निर्भर होना पड़ रहा है, जो सरकार के दावों की सच्चाई को उजागर करता है। जिला अध्यक्ष जसबीर जस्सा ने कहा कि गैस की कमी का असर छोटे कारोबारियों पर भी साफ दिखाई दे रहा है। शहर और आसपास के क्षेत्रों में कई चाय की दुकानों, छोटे ढाबों और होटलों को गैस न मिलने से प्रभावित हो रहे है। कई स्थानों पर ढाबे और छोटे होटल बंद होने की स्थिति में पहुंच गए हैं, जिससे रोज़ कमाने-खाने वाले लोगों की आजीविका पर संकट खड़ा हो गया है। यदि जल्द एलपीजी गैस की किल्लत दूर नहीं की गई तो आम आदमी पार्टी इस मुद्दे को लेकर पूरे जिले और प्रदेश में व्यापक जन आंदोलन छेड़ेगी।

इस अवसर पर प्रदेश सहसचिव सुखवीर मलिक, जिला अध्यक्ष जसवीर जस्सा कादयान, लोकसभा उपाध्यक्ष नरेंद्र जेसिया, जिला सचिव योगेश कौशिक, युवा जिल अध्यक्ष मनीष रोड, वरिष्ठ नेता जितेंद्र जुनेजा ने भी संबोधित किया।