धमतरी, 24 मार्च ।टीबी मुक्त भारत अभियान फेस-टू के तहत जिले में 24 मार्च से 100 दिवसीय टीबी पहचान एवं उपचार अभियान की शुरुआत की गई। इस अवसर पर जिला अस्पताल के ओपीडी में आयोजित जनजागरूकता कार्यक्रम में पांच टीबी मरीजों को फूड बास्केट वितरित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित नगर निगम धमतरी के महापौर रामू रोहरा ने नई हैंड हेल्ड एआई आधारित एक्स रे मशीन का शुभारंभ किया।
मंगलवार को विश्व क्षय (टीबी) दिवस पर जिला अस्पताल धमतरी के ओपीडी कक्ष में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान महापौर रामू रोहरा ने उपस्थित लोगों को भारत को टीबी मुक्त बनाने में भागीदारी निभाने की शपथ दिलाई। इन्होंने जिले में एआई आधारित एक्स रे मशीन की सौगात देने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल का आभार जताते हुए कहा कि टीबी मरीजों के जांच में मदद मिलेगी। मरीजों के समय की बचत होगी। जांच के मरीजों को रेडियोलाजिस्ट के पास जाने की जरूरत नहीं हैं। इस मशीन से मौके पर ही जांच कर तत्काल रिपोर्ट मिल जाएगा। इसके बाद मरीजों का उपचार भी शुरू हो जाएगा। टीबी एक गंभीर लेकिन पूरी तरह से इलाज योग्य बीमारी है। समय पर पहचान और नियमित उपचार ही इसके बचाव का तरीका है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी प्रकार के लक्षण दिखने पर तुरंत स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं और सरकार द्वारा उपलब्ध निश्शुल्क उपचार का लाभ उठाएं।
सीएमएचओ डा यू एल कौशिक ने बताया कि हेल्ड एआई आधारित एक्स रे मशीन के माध्यम से आयु वर्ग के आधार पर मरीजों की स्क्रीनिंग की जाएगी। रूट चार्ट तैयार किया गया है इसके अनुसार विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर बच्चे, युवा और बुजुर्गों की एक्स रे जांच कर टीबी के संभावित मरीजों की पहचान की जाएगी। किसी घर या मोहल्ले में एक व्यक्ति टीबी से संक्रमित होने पर वह 15 अन्य लोगों को भी प्रभावित कर सकता है।
जिला नोडल अधिकारी डा आदित्य सिन्हा ने कहा कि एआई आधारित एक्स रे मशीन मिलने से मरीजों को काफी सुविधा मिलेगी। पहले ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित शिविरों में चिन्हित मरीजों को एक्स रे जांच के लिए जिला अस्पताल लाना पड़ता था लेकिन अब इस मशीन के माध्यम से शिविर स्थल पर ही जांच कर टीबी मरीजों की पहचान की जा सकेगी।
कार्यक्रम के अंत में महापौर रोहरा एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता वाहन को रवाना किया। इस अवसर पर भाजपा जिला महामंत्री महेंद्र पंडित, सिविल सर्जन डा अरुण कुमार टोंडर, डीपीएम डा प्रिया कंवर, जिला कार्यक्रम समन्वयक आशीष वैष्णव सहित स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी एवं नर्सिंग छात्र – छात्राएं उपस्थित थे।