नैनीताल, 14 मार्च । कुमाऊँ विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर की छात्रा नंदिनी जोशी का चयन एएफकैट (वायु सेना सामान्य प्रवेश परीक्षा) के माध्यम से हुआ है। उन्हें वायु सेना चयन बोर्ड (एएफएसबी) मैसूर से अनुशंसित किया गया है। खास बात यह है कि नंदिनी ने अपने पहले ही प्रयास में यह सफलता हासिल की है।
नंदिनी डीएसबी परिसर में बीए एलएलबी (ऑनर्स) की छठे सेमेस्टर की छात्रा हैं और विश्वविद्यालय द्वारा शुरू किए गए एसएसबी कैप्सूल प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रथम बैच की प्रतिभागी रही हैं। यह कार्यक्रम कुलपति प्रो. दीवान रावत की पहल पर वर्ष 2024 में शुरू किया गया था, जिसका उद्देश्य छात्रों को रक्षा सेवाओं की चयन प्रक्रिया के लिए प्रशिक्षण और मार्गदर्शन देना है।
विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी प्रो. रीतेश साह के अनुसार नंदिनी एक सक्रिय डिबेटर और एनसीसी कैडेट भी हैं। वह डीएसबी परिसर के छात्र क्लब ‘डीएसबी संस्कृति’ की छात्र अध्यक्ष और परिसर के न्यूजलेटर की छात्र संपादक भी हैं। नंदिनी की इस उपलब्धि पर कुलपति प्रो. रावत सहित विश्वविद्यालय के कई शिक्षकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की ।