सूरजपुर, 23 मार्च । चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर कुदरगढ़ धाम में कुदरगढ़ महोत्सव 2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। 23 से 25 मार्च तक आयोजित इस तीन दिवसीय महोत्सव के पहले दिन ही श्रद्धा, लोक संस्कृति और उत्साह का अनोखा संगम देखने को मिला।
महोत्सव का आयोजन जिला प्रशासन और मां कुदरगढ़ी न्याय ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। उद्घाटन अवसर पर ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने आयोजन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसे क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित और प्रोत्साहित करने का महत्वपूर्ण प्रयास बताया।
प्रथम दिवस पर करमा नृत्य दलों की पारंपरिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं कथक नृत्य और विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के छात्र-छात्राओं की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में रंग भर दिए। भक्ति संगीत के अंतर्गत भजन और धार्मिक गीतों की प्रस्तुति ने माहौल को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया।
लोकगीतों और आधुनिक संगीत के समन्वय ने भी दर्शकों को आकर्षित किया। सांस्कृतिक संध्या के दौरान आयोजित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु देर रात तक शामिल रहे और आयोजन का आनंद लिया।
आयोजन का उद्देश्य क्षेत्रीय संस्कृति को नई पहचान देना और स्थानीय कलाकारों को मंच प्रदान करना है। महोत्सव के आगामी दिनों में भी विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला जारी रहेगी, जिससे कुदरगढ़ धाम में उत्सव का माहौल बना रहेगा।