मानव तस्करी पर न्यायिक मंथन, उजाला अकादमी भवाली में दो दिवसीय कोलोक्वियम शुरू

Share

नैनीताल, 14 मार्च । मानव तस्करी जैसे गंभीर अपराध से प्रभावी ढंग से निपटने के उद्देश्य से नैनीताल जनपद के निकटवर्ती भवाली स्थित उजाला यानी उत्तराखंड ज्यूडिशियल एंड लीगल एकेडमी में शनिवार से दो दिवसीय ‘ज्यूडिशियल कोलोक्वियम ऑन ह्यूमन ट्रैफिकिंग’ शुरू हो गया है। कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तराखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति मनोज कुमार गुप्ता ने दीप प्रज्वलित कर किया।

इस अवसर पर मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि इस कोलोक्वियम का उद्देश्य मानव तस्करी से जुड़े मामलों में समन्वय, संवेदनशीलता और प्रभावी कानूनी कार्रवाई को मजबूत बनाना है। दो दिवसीय कार्यशाला में विशेषज्ञों द्वारा मानव तस्करी की रोकथाम, जांच प्रक्रिया, पीड़ितों के पुनर्वास और न्यायिक कार्रवाई के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की जाएगी।

कार्यक्रम में न्यायमूर्ति मनोज कुमार तिवारी, न्यायमूर्ति रवींद्र नैथानी, न्यायमूर्ति आलोक मेहरा, न्यायमूर्ति सुभाष उपाध्याय, न्यायमूर्ति सिद्धार्थ साह, उजाला के निदेशक प्रदीप पंत, रजिस्ट्रार जनरल योगेश कुमार गुप्ता, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, अपर पुलिस महानिदेशक, विभिन्न जिलों के न्यायिक अधिकारियों के साथ प्रशासन, पुलिस, अभियोजन विभाग तथा स्वयंसेवी संगठनों के 150 से अधिक प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं।