प्रतापगढ़, 10 मार्च । उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से आयोजित दो दिवसीय वृहद रोजगार मेले का मंगलवार को समापन हुआ। मेले के दूसरे दिन 26 नियोजक संस्थानों ने अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया और योग्य उम्मीदवारों का चयन किया। दूसरे दिन की साक्षात्कार प्रक्रिया में विभिन्न कंपनियों द्वारा 392 अभ्यर्थियों का चयन किया गया।
दो दिवसीय रोजगार मेले में कुल 1172 अभ्यर्थियों का चयन विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों द्वारा किया गया, जिसमें प्रथम दिन 780 और दूसरे दिन 392 अभ्यर्थियों को रोजगार के अवसर मिले। मेले में शामिल कंपनियों ने बड़ी संख्या में युवाओं का साक्षात्कार लेकर उन्हें रोजगार प्रदान किया। 10 से अधिक नियोजक संस्थानों ने 50 से अधिक अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के बाद ऑन द स्पॉट प्रोविजनल ऑफर लेटर प्रदान किए।
लर्नर्न प्राइवेट लिमिटेड ने नितिन शर्मा, मनीष गुप्ता और लोकेश पांडे को मशीन ऑपरेटर के पद पर लगभग 1.70 लाख रुपये वार्षिक वेतन पर चयनित किया। स्टार एंटरप्राइजेज ने गुलाम मुस्तफा, राहुल सरोज, मोहम्मद इरफान, प्रियदर्शन, राजू सरोज और महेश सरोज को ट्रेनी ऑपरेटर के पद पर लगभग 1.50 लाख रुपये वार्षिक मानदेय पर चयनित किया।
जिला सेवायोजन अधिकारी अनुभव त्रिपाठी ने बताया कि ऐसे रोजगार मेलों का उद्देश्य जनपद के अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना और नियोजक संस्थानों को योग्य अभ्यर्थी उपलब्ध कराना है। मेले में जनपद और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लेकर रोजगार के अवसर प्राप्त किए।
————-