खूंटी, 06 मार्च । जिले में एक बार फिर बच्चा चोरी की अफवाह ने लोगों के बीच दहशत और अफरातफरी का माहौल पैदा कर दिया। रनिया थाना क्षेत्र के सोदे गांव में गुरुवार की देर शाम ग्रामीणों ने बच्चा चोर होने के संदेह में एक युवक को पकड़ लिया और उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। आक्रोशित ग्रामीणों ने युवक को पेड़ से बांध दिया और काफी देर तक उसके साथ मारपीट करते रहे।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह युवक को भीड़ से छुड़ाकर थाना ले आई। इस संबंध में रनिया के थाना प्रभारी श्यामल कुंभकार ने शुक्रवार को बताया कि गुरुवार देर शाम सोदे गांव के पास एक युवक को एक छोटे बच्चे के साथ कोयल नदी की ओर जाते देखा गया। इस दौरान कुछ ग्रामीणों को उस पर संदेह हुआ और उन्होंने शोर मचा दिया कि कोई व्यक्ति बच्चे को बहला-फुसलाकर ले जा रहा है। देखते ही देखते गांव में बच्चा चोरी की अफवाह फैल गई और बड़ी संख्या में लोग वहां जुट गए।
गुस्साई भीड़ ने युवक को बच्चे के साथ पकड़ लिया और बिना कोई पुष्टि किए उसकी पिटाई शुरू कर दी। लोगों ने उसे पास के एक पेड़ से बांध दिया और लाठी-डंडों से मारपीट की। घटना के दौरान वहां मौजूद कुछ महिलाओं ने भी युवक पर हाथ उठा दिया। युवक लगातार अपनी सफाई देता रहा और बच्चा चोरी के आरोप से इनकार करता रहा, लेकिन भीड़ ने उसकी एक नहीं सुनी।
घटना की सूचना मिलने के बाद रनिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर अपने कब्जे में लिया। पुलिस उसे थाना ले गई, जहां उससे पूछताछ की गई।
युवक सोदे गांव का ही रहने वाला लच्छु कुमार है, जो ट्रक में खलासी का काम करता है। प्रारंभिक जांच में बच्चा चोरी की कोई पुष्टि नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि युवक नशे की हालत में था, जिसके कारण लोगों को उस पर संदेह हुआ और वह अफवाह का शिकार हो गया।
मारपीट में घायल युवक का इलाज कराया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। थाना प्रभारी ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति को देखकर कानून को अपने हाथ में न लें। अगर किसी पर शक हो, तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। अफवाह के आधार पर किसी के साथ मारपीट करना कानूनन अपराध है।