घटिया सड़क निर्माण को लेकर ग्रामीणों ने किया विरोध, काम हुआ बंद

Share

खूंटी, 30 मार्च । कर्रा प्रखंड के कुटुंब गांव के पास से तिरला होते हुए सोटया मोड़ तक लगभग 3.9 किलोमीटर कालीकरण सड़क का निर्माण पीएल कंस्ट्रक्शन कर रहा है। निर्माण कार्य में गुणवत्ता की कमी का आरोप लगाते हुए सोमवार सुबह ग्रामीणों ने एकजुट होकर काम बंद करा दिया।

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क का निर्माण इतना घटिया तरीके से किया जा रहा है कि एक ओर सड़क बन रही है, तो दूसरी ओर परत उखड़ने लगी है। इससे नाराज ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य रोक दिया और इसकी सूचना फोन के माध्यम से तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया को दी। सूचना मिलते ही विधायक ने निर्माण कार्य देख रहे मुंशी को तत्काल काम बंद करने का निर्देश दिया।

ग्रामीणों ने कहा कि यदि सड़क निर्माण की गुणवत्ता ऐसी ही रही तो कुछ ही दिनों में सड़क पूरी तरह खराब हो जाएगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक सड़क का निर्माण गुणवत्तापूर्ण तरीके से नहीं किया जाएगा, तब तक काम शुरू नहीं होने दिया जाएगा।

कंपनी के जेई बिरेंद्र कुमार ने बताया कि सड़क का निर्माण एमएमजीएसवाई योजना के तहत किया जा रहा है और 05 वर्षों तक सड़क का मेंटेनेंस भी किया जाएगा। इस पर ग्रामीणों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि उन्हें बहलाने की कोशिश जा रही है। ग्रामीणों ने बेहतर गुणवत्ता के साथ सड़क निर्माण करने की मांग की।

ग्रामीणों ने यह भी बताया कि इससे पहले भी एक संवेदक की ओर से घटिया सड़क का निर्माण किया गया था, जो कुछ ही दिनों में खराब हो गया था। इससे लोगों को आवागमन में काफी परेशानी हुई थी। उन्होंने कहा कि इस बार ऐसी गलती दोहराने नहीं दी जाएगी।

घटिया निर्माण की तस्वीरें खींचकर ग्रामीणों ने खूंटी के उपायुक्त को भी भेज दी है और कार्रवाई की मांग की है।

मौके पर लिमडा पंचायत समिति सदस्य सह कर्रा, झामुमो के प्रखंड सचिव बिनोद उरांव, दुर्गा सिंह, संदीप सिंह, रोशन उरांव, शशि सिंह, विकास, प्रेम, अमरेश सिंह, अनिल सहित दर्जनों ग्रामीण मौजूद थे।