सोनारी में स्वर्णरेखा नदी से अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद, जांच में जुटी पुलिस

Share

पूर्वी सिंहभूम, 02 मार्च। पूर्वी सिंहभूम जिले के सोनारी थाना क्षेत्र से होकर बहने वाली स्वर्णरेखा नदी से सोमवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया गया है। स्थानीय लोगों ने नदी में शव देखे जाने की सूचना तत्काल पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकालकर अपने कब्जे में लिया।

पुलिस के अनुसार, सुबह कुछ लोगों ने नदी किनारे एक शव को तैरते हुए देखा। सूचना मिलते ही सोनारी थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतक की अब तक पहचान नहीं हो सकी है।

पुलिस द्वारा शव को सुरक्षित रखकर उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है। आसपास के थाना क्षेत्रों से भी संपर्क कर हाल ही में दर्ज गुमशुदगी के मामलों का मिलान किया जा रहा है, ताकि मृतक की पहचान स्थापित की जा सके।

सोनारी थाना पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को मृतक के नाम, पते या उसके परिजनों के संबंध में कोई भी जानकारी हो तो तत्काल थाना से संपर्क करें। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।——–