संसद ने चियांकी हवाई अड्डा के शीघ्र संचालन का मामला लोकसभा में उठाया

Share

पलामू, 27 मार्च । लोकसभा में शून्य काल के दौरान पलामू सांसद विष्णु दयाल राम ने शुक्रवार को पलामू के मेदिनीनगर चियांकी हवाई अड्डा के शीघ्र संचालन से संबंधित मामले को उठाया।

सांसद ने केन्द्र सरकार का ध्यान दिलाते हुए कहा कि क्षेत्रीय संपर्क योजना (उड़ान) के माध्यम से देश के दूरस्थ एवं अविकसित क्षेत्रों को हवाई संपर्क प्रदान करने तथा संतुलित क्षेत्रीय विकास को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। मेदिनीनगर चियांकी हवाई अड्डे का संचालन प्रारंभ होना अत्यंत आवश्यक है। इससे क्षेत्र की हवाई संपर्क सुविधा बेहतर होगी तथा स्थानीय स्तर पर आर्थिक, सामाजिक और पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

उल्लेखनीय है कि इस संबंध में आगे की प्रक्रिया को बढ़ाने के लिए राज्य सरकार की ओर से एक विशेष प्रमाणन-प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा जाना आवश्यक है, जो अभी तक प्रस्तुत नहीं किया गया है जिसके कारण उक्त हवाई अड्डे से विमान परिचालन के लिए अग्रेतर कार्रवाई नहीं हो पा रही है।

सांसद ने नागरिक उड्डयन मंत्रालय से अनुरोध किया कि कृपया यह स्पष्ट किया जाय कि राज्य सरकार से किस प्रकार का प्रस्ताव या प्रमाणन अपेक्षित है तथा उसमें कौन-कौन से विवरण आवश्यक हैं।

यदि संभव हो तो संबंधित पत्र या निदेश की प्रति भी उपलब्ध करायी जाय, ताकि राज्य सरकार और संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर उस प्रस्ताव को शीघ्र प्रस्तुत कराया जा सके।