खूंटी, 20 मार्च । मुरहू-सर्वदा रोड स्थित सुरुंदा गांव में गुरुवार देर रात आग लगने से एक मोटर बाइक रिपेयरिंग की दुकान और आवास पूरी तरह जलकर राख हो गया। इस घटना में करीब पांच लाख रुपये से अधिक की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बम्हनी गांव निवासी बेंजामिन डोडराय अपने परिवार के साथ संत मिखाइल भवन में किराए पर रहते थे, जहां वे मोटर बाइक रिपेयरिंग की दुकान भी संचालित करते थे। गुरुवार देर रात करीब ढाई बजे अचानक दुकान वाले हिस्से में आग लग गई।
घटना के समय बेंजामिन डोडराय अपनी पत्नी अनास्तासिया डोडराय और पुत्री अर्चना के साथ घर के एक कमरे में सो रहे थे। अचानक तेज गर्मी और जलने की गंध महसूस होने पर उनकी नींद खुली। दरवाजा खोलते ही उन्होंने देखा कि दुकान का हिस्सा आग की तेज लपटों में घिर चुका है।
आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते दुकान में रखे करीब 70 टायर, एयर पंप, बाइक के स्पेयर पार्ट्स सहित अन्य सामान जलकर राख हो गए। आग ने आवासीय हिस्से को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे दरवाजे, खिड़कियां, पंखे सहित अधिकांश घरेलू सामान नष्ट हो गए। हालांकि, घर का एक कमरा सुरक्षित बच गया।
घटना की सूचना मिलते ही खूंटी से फायर ब्रिगेड की टीम दमकल वाहन के साथ मौके पर पहुंची। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक भारी नुकसान हो चुका था।
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। स्थानीय प्रशासन की ओर से मामले की जांच की जा रही है।