पूर्वी सिंहभूम, 07 मार्च । जिले के बागबेड़ा थाना क्षेत्र में महिला के साथ छेड़खानी और मारपीट करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित युवक को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान कन्हैया रजक (29) के रूप में हुई है, जो बागबेड़ा नया बस्ती रोड नंबर–3 का निवासी बताया जा रहा है।
नगर पुलिस अधीक्षक (सिटी एसपी) कुमार शिवाशीष ने शनिवार को बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देश पर महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आरोपित की गिरफ्तारी के लिए विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) कानून-व्यवस्था के नेतृत्व में गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फरार चल रहे मुख्य आरोपित कन्हैया रजक को उसके घर से ही गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, घटना उस समय हुई थी जब एक महिला गली से होकर गुजर रही थी। उसी दौरान नशे की हालत में मौजूद आरोपित युवक ने महिला के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए छेड़खानी की। जब महिला ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट भी की। घटना के बाद इलाके में काफी आक्रोश का माहौल बन गया था।