पूर्वी सिंहभूम, 10 मार्च । सरायकेला-खरसावां जिले के सीनी ओपी क्षेत्र से लापता हुआ नाबालिग इस्माइल प्रधान मंगलवार को टाटानगर रेलवे स्टेशन पर सकुशल मिल गया। लोगों की सतर्कता और पुलिस की त्वरित कार्रवाई के कारण बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया गया। बच्चे के मिलने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस तथा स्थानीय लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
दरअसल, सीनी ओपी क्षेत्र निवासी इस्माइल प्रधान सोमवार सुबह बिना किसी को बताए साइकिल लेकर घर से निकल गया था। काफी समय बीत जाने के बाद जब वह घर वापस नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता होने लगी और उसकी तलाश शुरू की गई। खोजबीन के दौरान उसकी साइकिल महाली मुरुप रेलवे स्टेशन के पास लावारिस हालत में खड़ी मिली। इसके बाद आशंका जताई जाने लगी कि वह वहां से किसी ट्रेन में बैठकर कहीं चला गया होगा।
इसी बीच टाटानगर रेलवे स्टेशन पर मौजूद कुछ लोगों को बच्चा संदिग्ध स्थिति में घूमता दिखाई दिया। शक होने पर लोगों ने उससे पूछताछ की, जिसमें उसने बताया कि वह सीनी क्षेत्र का रहने वाला है। इसके बाद सतर्क लोगों ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दे दी।
सूचना मिलते ही सीनी ओपी प्रभारी विनय कुमार सिंह पुलिस बल के साथ टाटानगर रेलवे स्टेशन पहुंचे और बच्चे को अपने संरक्षण में ले लिया। इसके बाद देर रात उसे सरायकेला लाया गया, जहां आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद नाबालिग को उसके परिजनों के हवाले कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि घर में किसी बात को लेकर डांट-फटकार मिलने से नाराज होकर इस्माइल घर से निकल गया था। हालांकि, समय रहते लोगों की सतर्कता और पुलिस की सक्रियता से बच्चे को सुरक्षित ढूंढ लिया गया, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई।
————