रांची, 26 मार्च । ब्रह्माकुमारी संस्थान के चौधरी बगान स्थित सेवा केंद्र में गुरूवार को पूर्व अंतर्राष्ट्रीय प्रमुख प्रशासिका दादी जानकी की पुण्यतिथि को वैश्विक आध्यात्मिक जागृति दिवस के रूप में मनाया गया।
इस अवसर पर डिप्टी मेेेयर नीरज कुमार ने दादी जानकी को प्रेरणादायी व्यक्तित्व बताया। उन्होंने कहा कि दादी जानकी ने अपने जीवन से लाखों लोगों को आध्यात्मिक मार्ग दिखाया।
मौके पर रांची विश्वविद्यालय की पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ वंदना राय और डॉ रानी प्रगति प्रसाद ने उनके योगदान को उल्लेखनीय बताते हुए कहा कि दादी जानकी ने विश्वभर में आध्यात्मिकता का संदेश फैलाया। कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी निर्मला बहन ने बताया कि 104 वर्ष की आयु तक सक्रिय रही दादी जानकी का जीवन समाज सेवा और आध्यात्मिक जागृति के लिए समर्पित था। उन्होंने राजयोग मेडिटेशन के माध्यम से विश्वभर में लोगों को सकारात्मक जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा दी।
श्रद्धांजलि सभा के साथ ही उपस्थित लोगों के लिए ब्रह्मभोज भी कराया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।