पलामू, 16 मार्च । जिले में घरेलू एलपीजी (रसोई गैस) सिलेंडर की उपलब्धता को लेकर सामने आयी शिकायतों और उपभोक्ताओं की परेशानियों के बीच सोमवार को उपायुक्त समीरा एस ने समाहरणालय सभागार में विभिन्न गैस एजेंसियों के प्रतिनिधियों, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों के साथ रसोई गैस के निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित कराने को लेकर बैठक की।
डीसी ने विभिन्न गैस एजेंसियों के प्रतिनिधियों से उनके यहां उपलब्ध सिलिंडर, आगामी दिनों में प्राप्त होने वाले गैस सिलिंडर की जानकरी ली।
बैठक में कुछ गैस एजेंसियों ने डीसी को बताया कि उनके पास पूर्व की तरह ही सिलिंडर की आपूर्ति की जा रही है, लेकिन विगत कुछ दिनों से उपभोक्ताओं की ओर से अचानक बड़ी संख्या में बुकिंग आने से समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
डीसी ने गैस की सप्लाई करने में होस्टल, स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र और हॉस्पिटल को प्राथमिकता देने पर बल दिया।
डीसी ने सभी गैस एजेंसियों के प्रतिनिधियों से कहा कि घरेलू गैस आवश्यक वस्तु अधिनियम के दायरे में आती है, ऐसे में इसकी कालाबाजारी करने पर अधिनियम के तहत सख्त करवाई की जाएगी। गैस सिलेंडरों में टैम्परिंग करने की शिकायत पर भी कार्रवाई की जायेगी। उपायुक्त ने गैस एजेंसियों के प्रतिनिधियों से अपने निर्धारित क्षेत्रों में ही गैस की आपूर्ति करने को कहा।
उन्होंने कहा कि सिर्फ निर्धारित दिन को ही एजेंसी बंद रखा जाये। उपायुक्त ने एजेंसी के बाहर सार्वजनिक रूप से एजेंसी का संपर्क नंबर प्रदर्शित करने का निर्देश दिया। कई एजेंसियों के प्रतिनिधियों ने डीसी को गैस वितरण के समय लगने वाले अनावश्यक भीड़ को रेखांकित करते हुई, निराकरण की बात कही। इसपर डीसी ने कहा कि एक क्यूआरटी का गठन किया जा रहा है जिसमें एमओ, एजेंसी के प्रतिनिधि व पुलिस के जवान रहेंगें। उन्होंने समस्या उत्पन्न होने की स्थिति में स्थानीय थाना प्रभारी, एमओ व बीडीओ से संपर्क करने की बात कही।
उपायुक्त ने लोगों से कहा है कि पूर्व की भांति विभिन्न गैस कंपनियों की ओर से जिले को रसोई गैस की खेप उपलब्ध कराई जा रही है। ऐसे में आप सभी से अपील है कि घबराकर अनावश्यक रूप से गैस की बुकिंग करने से बचें। उन्होंने कहा कि शहर के लिए निर्धारित 25 एवं ग्रामीण क्षेत्रों के लिए 45 दिनों के बाद ही बुकिंग करें।
बैठक में उप विकास आयुक्त जावेद हुसैन, अपर समाहर्ता कुंदन कुमार, विभिन्न एमओ व गैस एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित थे। वहीं वर्चुअल मोड से आईओसीएल, बीपीसीएल और एचपीसीएल के मार्केटिंग ऑफिसर एऔर एरिया ऑफीसर भी जुड़े थे।