सीआरपीएफ के 87 वें स्थापना दिवस पर रक्तदान शिविर का आयोजन

Share

पूर्वी सिंहभूम, 06 मार्च । सीआरपीएफ के 87 वें स्थापना दिवस के अवसर पर सेवा और समर्पण की भावना को आगे बढ़ाते हुए ग्रुप केंद्र जमशेदपुर (जादूगोड़ा) की ओर से शुक्रवार को ग्रुप केंद्र अस्पताल में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।

रक्तदान शिविर का उद्घाटन ग्रुप केंद्र जमशेदपुर के डीआईजी रमेश कुमार ने किया। इस अवसर पर डीआईजी मेडिकल डॉ उर्मिला गारी सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद थे। मौके पर डीआईजी ने कहा कि रक्तदान एक महान सेवा है, जो कई लोगों की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से सीआरपीएफ समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करती है और बल के जवान सेवा भावना का उदाहरण प्रस्तुत करते हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि सीआरपीएफ देश की आंतरिक सुरक्षा के साथ-साथ सामाजिक और मानवीय कार्यों में भी हमेशा अग्रणी रही है। रक्तदान शिविर के साथ-साथ अन्नपूर्णा डेंटल क्लिनिक के सहयोग से निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर भी आयोजित किया गया, जिसमें स्थानीय लोग और सीआरपीएफ के परिवारों ने लाभ उठाया।

इस अवसर पर बटालियन के अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारियों और जवानों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। जमशेदपुर ब्लड सेंटर (रेडक्रॉस सोसाइटी) ने भी सीआरपीएफ के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया। उनका कहना था कि इस तरह के कार्यक्रमों से सुरक्षा बलों और आम नागरिकों के बीच विश्वास और सहयोग की भावना और मजबूत होती है।

कार्यक्रम में कमांडेंट पंकज सिंह, सीएमओ डॉ मीना नवीन, द्वितीय कमान अधिकारी नवीन कुमार, उप कमांडेंट पवन कुमार, सहायक कमांडेंट जफर आलम सहित अन्य उपस्थित थे।