बिना फिटनेस और पुराने वाहनों के परिचालन पर लगाएं रोक : उपायुक्त

Share

पूर्वी सिंहभूम, 19 मार्च । समाहरणालय सभागार में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में गुरुवार को यातायात एवं सड़क सुरक्षा को लेकर बैठक आयोजित की गई।

बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात नियमों के सख्ती से पालन और हिट एंड रन मामलों में मुआवजा भुगतान जैसे मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई।

समीक्षा के दौरान यह जानकारी दी गई कि जनवरी और फरवरी माह में पिछले वर्ष की तुलना में सड़क दुर्घटनाओं में कमी दर्ज की गई है। इसके बावजूद अधिकांश दुर्घटनाओं में बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले चालक ही शिकार हो रहे हैं। जांच में यह भी सामने आया कि अधिकतर हादसे चालकों की लापरवाही के कारण हो रहे हैं। गलत दिशा में वाहन चलाना, तेज रफ्तार और शराब पीकर वाहन चलाना दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण बताए गए।

उपायुक्त ने लापरवाह दिया। साथ ही यात्री वाहन, मालवाहक वाहन और स्कूल वैन में ओवरलोडिंग तथा सड़क पर कहीं भी वाहन रोककर सवारी उतारने-चढ़ाने पर वाहन मालिकों की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई करने को कहा गया। बिना फिटनेस और पुराने वाहनों के परिचालन पर भी रोक लगाने के निर्देश दिए गए।

ड्राइविंग प्रशिक्षण संस्थानों को निर्देशित किया गया कि भारी वाहन लाइसेंस के नवीकरण में निर्धारित मानकों का सख्ती से पालन किया जाए और योग्य चालकों की ही अनुशंसा की जाए। वहीं, यातायात पुलिस को राजस्व वसूली में सुधार लाने के लिए भी निर्देशित किया गया।

बैठक में उपायुक्त ने स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थियों के बीच यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। इसके अलावा शहर में रह रहे मानसिक रूप से विक्षिप्त और निराश्रित लोगों को आश्रय गृहों में पुनर्वासित करने के लिए ट्रैफिक पुलिस और संबंधित विभागों को पहल करने का निर्देश दिया गया।

दुर्घटना पीड़ितों और उनके परिजनों को मिलने वाली सहायता राशि, हिट एंड रन, जीआईएस बीमा और आपदा राहत योजनाओं के लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा कर त्वरित भुगतान सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिया गया।

बैठक में एसएसपी पीयूष पांडेय, एसडीएम धालभूम अर्णव मिश्रा, जिला परिवहन पदाधिकारी धनंजय, एसडीओ घाटशिला सुनील चंद्र, डीएसपी ट्रैफिक, डीएसपी मुख्यालय सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी और ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के प्रतिनिधि उपस्थित थे।