पूर्वी सिंहभूम, 02 मार्च । भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सह पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी सोमवार को जमशेदपुर पहुंचे, जहां सर्किट हाउस में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया।
इसके बाद बाबूलाल ने अपने निजी दौरे के बाद सीधे सर्किट हाउस पहुंचे मरांडी ने बंद कमरे में पार्टी पदाधिकारियों के साथ विस्तृत बैठक की। इस दौरान उन्होंने हालिया नगर निकाय चुनाव के परिणामों की समीक्षा करते हुए खास तौर पर मानगो नगर निगम और जुगसलाई नगर परिषद में पार्टी की हार के कारणों की जानकारी ली। जिला अध्यक्ष संजीव सिन्हा सहित मंडल स्तर के कई पदाधिकारियों ने उन्हें जमीनी स्थिति से अवगत कराया।
बैठक में मरांडी ने कार्यकर्ताओं से अभी से विधानसभा और लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुट जाने को कहा। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों के साथ-साथ शहरी इलाकों में भी संगठन को मजबूत करने और बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाने पर जोर दिया। होली से पहले हुए इस दौरे को संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
इस दौरान बागबेड़ा ग्रामीण जलापूर्ति योजना का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। बागबेड़ा महानगर विकास समिति के अध्यक्ष सुबोध झा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने वर्षों से लंबित योजना को धरातल पर उतारने की मांग की। नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकारी फंड के दुरुपयोग के कारण करीब चार लाख से अधिक लोग पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। मरांडी ने आश्वासन दिया कि वे इस मामले को उचित मंच पर उठाएंगे और समाधान के लिए प्रयास करेंगे।