रामगढ़, 09 मार्च । रामगढ़ जिले में राष्ट्रीय कुष्ठ रोग उन्मूलन कार्यक्रम के तीसरे चरण की शुरुआत सोमवार को की गई। इस अभियान का शुभारंभ सिविल सर्जन डॉ. नवल कुमार और जिला कुष्ठ निवारण पदाधिकारी डॉ. तुलिका रानी की उपस्थिति में हुआ। कार्यक्रम के तहत जिले में 09 से 23 मार्च तक विशेष अभियान चलाया जाएगा।
इस अभियान के दौरान स्वास्थ्य कर्मी घर-घर जाकर संभावित कुष्ठ रोगियों की पहचान करेंगे और उन्हें समय पर जांच तथा उपचार के लिए प्रेरित करेंगे। इसके साथ ही लोगों को कुष्ठ रोग के लक्षण, बचाव और इलाज के बारे में जागरूक किया जाएगा।
अधिकारियों ने बताया कि कुष्ठ रोग पूरी तरह से उपचार योग्य है और नियमित दवा लेने से रोगी पूरी तरह स्वस्थ हो सकता है। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि यदि किसी व्यक्ति के शरीर पर दाग-धब्बे, सुन्नता या त्वचा में असामान्य बदलाव जैसे लक्षण दिखाई दें, तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं।
अभियान के तहत आशा, सहिया और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की टीमें गांव-गांव और घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करेंगी तथा संभावित मरीजों की पहचान कर उन्हें उचित उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य करेंगी।
इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के कई पदाधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। इनमें अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, जिला आरसीएच पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, डीपीएमयू, एपिडेमियोलॉजिस्ट सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी शामिल थे।————-