जांजगीर-चांपा पुलिस ने परिवार परामर्शदात्री समिति का किया पुनर्गठन

Share

जांजगीर चांपा, 09 मार्च । अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जांजगीर-चांपा पुलिस ने साेमवार काे परिवार परामर्शदात्री समिति का पुनर्गठन किया है। इस पहल का उद्देश्य पारिवारिक विवादों का त्वरित समाधान करना और पीड़ित पक्ष को समय पर सहायता उपलब्ध कराना है। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में यह पहल की गई, जिसके तहत समाज में सक्रिय और जागरूक महिलाओं को परामर्शदात्री सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।

पुलिस के अनुसार परिवार परामर्शदात्री समिति का मुख्य उद्देश्य घरेलू और पारिवारिक विवादों को कानूनी प्रक्रिया में जाने से पहले आपसी सहमति, संवाद और समझाइश के माध्यम से सुलझाना है। इसके साथ ही पीड़ितों को त्वरित राहत प्रदान करना और समाज में महिला सुरक्षा तथा जागरूकता को बढ़ावा देना भी इस पहल का प्रमुख लक्ष्य है। समिति की सदस्य जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क परामर्श सेवा प्रदान करेंगी।

पुनर्गठित परिवार परामर्शदात्री समिति में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी महिलाओं को शामिल किया गया है। इसमें एच. निशा खान, केंद्र प्रशासक सखी वन स्टॉप सेंटर जांजगीर, सरस्वती सोनी परामर्शदात्री सखी वन स्टॉप सेंटर जांजगीर, कल्पना केसरवानी बाल कल्याण समिति एवं पूर्व किशोर न्याय बोर्ड सदस्य, तान्या अनुरागी पाण्डेय लैंगिक उत्पीड़न समिति एवं किशोर न्याय बोर्ड सदस्य, संतोषी दुबे निवासी चंदनिया पारा जांजगीर, प्रेमलता कौशिक वार्ड क्रमांक 23 जांजगीर, मीरा निहीर निवासी तहसील रोड चांपा, प्रमीला नारायण चंदेल निवासी वार्ड क्रमांक 03 रेलवे स्टेशन नैला के पास, संगीता पाण्डेय निवासी वार्ड क्रमांक 25 लायंस स्कूल के पीछे चांपा, संतोषी सिंह निवासी वार्ड क्रमांक 12 स्कूलपारा कोनारगढ़, उमा सोनी अध्यक्ष वीआईपी सखी ग्रुप एवं सदस्य लैंगिक उत्पीड़न समिति व शिक्षा विभाग तथा मंजूलता राठौर अधिवक्ता एवं सदस्य जिला उपभोक्ता आयोग जांजगीर-चांपा को शामिल किया गया है।

पुलिस विभाग का मानना है कि इस समिति के माध्यम से पारिवारिक विवादों के मामलों में आपसी संवाद और सलाह से समाधान निकालने में मदद मिलेगी तथा पीड़ितों को समय पर मार्गदर्शन और सहायता प्राप्त हो सकेगी।