हल्दीबाड़ी तक इंटरसिटी एक्सप्रेस का विस्तार, जलपाईगुड़ी में नया ठहराव

Share

कटिहार, 11 मार्च । पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सिलीगुड़ी–बालुरघाट इंटरसिटी एक्सप्रेस तथा सिलीगुड़ी–बामनहाट इंटरसिटी एक्सप्रेस का विस्तार कर अब इन्हें हल्दीबाड़ी स्टेशन तक संचालित करने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही इन दोनों ट्रेनों का जलपाईगुड़ी स्टेशन पर नया ठहराव भी किया गया है, जिससे यात्रियों को आवागमन में काफी सहूलियत मिलेगी।

इस नई व्यवस्था के शुभारंभ के अवसर पर 11 मार्च को एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ट्रेन संख्या 05464/05463 तथा 05467/ 05468 के नए ठहराव एवं विस्तार के उपलक्ष्य में ट्रेन संख्या 05464 (हल्दीबाड़ी–बालुरघाट स्पेशल एक्सप्रेस) और 05467 (हल्दीबाड़ी–बामनहाट स्पेशल एक्सप्रेस) को विधिवत हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शिखा चटर्जी ने कहा कि ट्रेनों के विस्तार और नए ठहराव से क्षेत्र के यात्रियों को काफी राहत मिलेगी तथा रेलवे संपर्क और अधिक सुदृढ़ होगा। इस पहल के लिए उन्होंने रेलवे प्रशासन को बधाई भी दी।

इस अवसर पर कटिहार रेलमंडल के न्यू जलपाईगुड़ी में एडीआरएम अजय कुमार सिंह, एरिया मैनेजर न्यूजलपाईगुड़ी अक्षांश वर्मा, सीनियर डीसीएम अनूप कुमार सिंह, सीनियर डीएसटीई गौरव राजपाल सहित अन्य रेल अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल थे।

रेलवे के इस निर्णय से उत्तर बंगाल के कई इलाकों को बेहतर रेल संपर्क मिलेगा और यात्रियों की यात्रा पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक और सुगम हो सकेगी।