पर्यटन नगरी चंदेरी को पीएम श्री हेलीकॉप्टर सेवा की सौगात, शनिवार से शुरुआत

Share

चंदेरी, 26 मार्च । मध्‍य प्रदेश के अशोकनगर जिले के चंदेरी को पर्यटन के क्षेत्र में एक बड़ी सौगात मिलने जा रही है। रामनवमी के अवसर पर यहां से पीएम श्री पर्यटन हेलीकॉप्टर सेवा प्रारंभ की जाएगी। यह सेवा भोपाल, चंदेरी और ओरछा के बीच संचालित होगी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को मुख्यमंत्री मोहन यादव भोपाल से ओरछा के लिए इस सेवा का वर्चुअल शुभारंभ करेंगे, जबकि शनिवार से चंदेरी के लिए भी हेलीकॉप्टर सेवा शुरू हो जाएगी। स्थानीय प्रशासन ने इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।

इससे पहले पर्यटन विभाग के सचिव डॉ. इलैयाराजा टी ने कलेक्टर अशोकनगर को चंदेरी हेलीपैड पर सुरक्षा व्यवस्था, एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे, हालांकि, पूर्व में कुछ प्रशासनिक कारणों से इस सेवा की शुरुआत टल गई थी।

बताया गया है कि हेलीकॉप्टर सेवा का संचालन जेट सर्व एवियशन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जाएगा। सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं पर आने वाला खर्च भी यही कंपनी वहन करेगी, जबकि मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड इसकी निगरानी करेगा।

इस सेवा को शुरू कराने में क्षेत्रीय सांसद एवं केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने सितंबर 2024 में मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर चंदेरी से हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करने की मांग की थी, जिसे स्वीकृति मिलने के बाद अब अमल में लाया जा रहा है।

पर्यटन नगरी चंदेरी अपनी ऐतिहासिक धरोहरों और प्राकृतिक सुंदरता के साथ-साथ फिल्म शूटिंग के लिए भी आकर्षण का केंद्र बनती जा रही है। हेलीकॉप्टर सेवा शुरू होने से न केवल देश-विदेश के पर्यटकों को सुविधा मिलेगी, बल्कि फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों के लिए भी आवागमन आसान होगा। स्थानीय लोगों का मानना है कि इस सेवा के शुरू होने से चंदेरी के पर्यटन को नई गति मिलेगी और क्षेत्र के आर्थिक विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।