इंदौर-महू रूट पर आर्मी मेजर की कार ने 5 वाहनों को मारी टक्कर, 4 घायल, गुस्साई भीड़ ने की पिटाई

Share

महू (इंदौर), 01 मार्च । मध्य प्रदेश के इंदौर के पास महू में रविवार सुबह एक तेज रफ्तार कार ने सड़क पर अफरा-तफरी मचा दी। कार चला रहे आर्मी मेजर ने एक के बाद एक पांच वाहनों को टक्कर मार दी, जिसमें चार लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर मौजूद एक महिला ने चालक की चप्पल से पिटाई कर दी, जबकि अन्य लोगों ने भी उसके साथ मारपीट की।

घटना रविवार सुबह करीब 8 बजे इंदौर–महू मार्ग पर किशनगंज रेलवे ब्रिज के नीचे हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार तेज रफ्तार में थी और चालक लापरवाही से वाहन चला रहा था। इसी दौरान उसने ब्रिज पर चढ़ रहे बाइक सवारों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कुछ बाइक सवार सड़क पर दूर तक घिसटते चले गए।

स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को महू के सिविल अस्पताल पहुंचाया। हादसे के कारण मार्ग पर करीब 15 मिनट तक यातायात बाधित रहा और दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई।

सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और कार चालक को हिरासत में ले लिया। थाना प्रभारी राहुल शर्मा ने बताया कि फिलहाल घायलों में से किसी ने शिकायत दर्ज नहीं कराई है। पुलिस वाहन और चालक के दस्तावेजों की जांच कर रही है।

बताया जा रहा है कि कार चालक महू की आर्मी यूनिट में पदस्थ मेजर है। वह इंदौर की ओर से महू आ रहा था, तभी विपरीत दिशा में जा रहे वाहनों को टक्कर मारते हुए कुछ दूरी तक घसीटता चला गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।