ब्रसेल्स (बेल्जियम), 16 मार्च । भारत के विदेशमंत्री डॉ. एस जयशंकर और साइप्रस के विदेशमंत्री कॉन्स्टेंटिनोस कोम्बोस की यहां महत्वपूर्ण मुलाकात हुई है। जयशंकर ने एक्स हैंडल पर एक तस्वीर जारी करते हुए कहा कि आज ब्रसेल्स में साइप्रस के विदेश मंत्री कॉन्स्टेंटिनोस कोम्बोस से मिलकर बहुत खुशी हुई।
उन्होंने एक्स पर लिखा, ” हमने अपनी रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की और पश्चिम एशिया की स्थिति पर विचारों का आदान-प्रदान किया। यूरोपीय संघ और भारत के बीच जुड़ाव को आगे बढ़ाने में साइप्रस के सहयोग की हम सराहना करते हैं।”
विदेशमंत्री जयशंकर ने यूरोपीय संघ के सदस्य देशों के विदेशमंत्रियों के साथ वार्ता के लिए रविवार को ब्रसेल्स का दो दिवसीय दौरा शुरू किया। जनवरी में दोनों पक्षों के बीच ऐतिहासिक मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) पर मुहर लगने के बाद भारत की ओर से ब्रसेल्स का यह पहला उच्चस्तरीय दौरा है। ब्रसेल्स में ईयू का मुख्यालय है।
जयशंकर यूरोपीय आयोग की उपाध्यक्ष काजा कैलास के निमंत्रण पर बेल्जियम की राजधानी ब्रसेल्स पहुंचे हैं। यूरोपीय संघ के 27 देश सदस्य हैं। भारत के विदेश मंत्रालय ने बताया कि इस दौरान जयशंकर यूरोपीय संघ के अध्यक्ष और बेल्जियम तथा अन्य सदस्य देशों के विदेश मंत्रियों से भी मुलाकात करेंगे।