हिमाचल में फिर बदलेगा मौसम, पहाड़ों पर बर्फबारी के आसार, आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट

Share

शिमला, 23 मार्च । हिमाचल प्रदेश में कुछ दिनों की राहत के बाद एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में राज्य के कई हिस्सों में मौसम खराब रह सकता है। खासकर ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही कुछ स्थानों पर तेज आंधी और बिजली गिरने का भी येलो अलर्ट जारी किया गया है, जिससे लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक आज प्रदेश के कुछ स्थानों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इसी तरह 26 मार्च को भी कुछ इलाकों में आंधी और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। विभाग का कहना है कि 29 मार्च तक राज्य के कई हिस्सों में बादल छाए रह सकते हैं और बीच-बीच में वर्षा का दौर जारी रह सकता है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में इस दौरान हल्की बर्फबारी भी देखने को मिल सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार मार्च महीने में इस बार मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। महीने के पहले पखवाड़े में लंबे समय तक मौसम शुष्क रहने के कारण तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया था और कई स्थानों पर मई जैसी गर्मी महसूस की गई। इसके बाद 18 मार्च से मौसम में अचानक बदलाव आया और पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी तथा निचले क्षेत्रों में बारिश का दौर शुरू हुआ। इस बदलाव के कारण प्रदेश में ठंडक लौट आई और तापमान में गिरावट दर्ज की गई।

हालांकि पिछले दो दिनों से राजधानी शिमला सहित राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ बना हुआ है और धूप खिली हुई है। इसके बावजूद विभाग ने आने वाले दिनों में फिर से मौसम खराब रहने की संभावना जताई है। मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर-पश्चिम भारत की ओर एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिसके प्रभाव से हिमाचल प्रदेश में मौसम फिर बदल सकता है।

इस बीच प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में तापमान के आंकड़ों पर नजर डालें तो शिमला में आज न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस, सुंदरनगर में 11.5 डिग्री, भुंतर में 9.6 डिग्री, कल्पा में 2.6 डिग्री, धर्मशाला में 8.9 डिग्री, ऊना में 12.4 डिग्री, नाहन में 9.5 डिग्री, पालमपुर में 10.0 डिग्री, सोलन में 10.0 डिग्री, मनाली में 6.2 डिग्री, कांगड़ा में 12.9 डिग्री, मंडी में 12.3 डिग्री, बिलासपुर में 10.0 डिग्री, जुब्बड़हट्टी में 9.8 डिग्री, कुफरी (फागू) में 5.4 डिग्री, कुकुमसेरी में 0.8 डिग्री, सियोबाग में 4.7 डिग्री, बरठीं में 11.6 डिग्री, कसौली में 10.1 डिग्री, पांवटा साहिब में 15.0 डिग्री, सराहन में 3.7 डिग्री, देहरा गोपीपुर में 14.0 डिग्री, ताबो में माइनस 0.4 डिग्री और नेरी में 15.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है।