गुरुग्राम, 14 मार्च । लक्ष्मण विहार क्षेत्र में शनिवार को बेसहारा पशुओं को पकडऩे गई नगर निगम की टीम पर लोगों ने हमला कर दिया। इस दौरान वहां पर काफी तनाव की स्थिति पैदा हो गई। मामला बढ़ता देख मौके पर पुलिस भी बुला ली गई।
गुरुग्राम नगर निगम की ओर से शहर में बेसहारा घूम रहे पशुओं को पकडऩे के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
इसी के तहत शनिवार को निगम की टीम लक्ष्मण विहार क्षेत्र में बेसहारा पशुओं को पकडऩे पहुंची। जैसे ही टीम ने अपना काम शुरू किया तो मौके पर कुछ लोग पहुंचे। उन्होंने उन पशुओं को छुड़ाने का प्रयास किया। बताया गया कि वे पशु उनके ही थे, जो कि खुले छोड़े हुए थे। इस दौरान दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई। बहस बढ़ी और झगड़ा होना शुरू हो गया। झगड़ा होता देख वहां पर काफी लोग भी एकत्रित हो गए। मामला बढ़ता देख पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने बीच-बचाव करके दोनों पक्षों को शांत कराया। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में नगर निगम की टीम ने बेसहारा पशुओं को पकडऩे का काम किया।