नई दिल्ली, 13 मार्च । ग्लोबल मार्केट से आज कमजोरी के संकेत मिल रहे हैं। अमेरिकी बाजार पिछले सत्र के दौरान बड़ी गिरावट के साथ बंद हुए। हालांकि डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज बढ़त के साथ कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। यूरोपीय बाजार में भी पिछले सत्र के दौरान बिकवाली का दबाव बना रहा। इसी तरह एशियाई बाजार में भी आज आमतौर पर कमजोरी का रुख बना हुआ है।
अमेरिकी बाजार में पिछले सत्र के दौरान तेज गिरावट दर्ज की गई। डाउ जॉन्स करीब 800 अंक टूट कर बंद हुआ। इसी तरह एस एंड पी 500 इंडेक्स ने 103.18 अंक यानी 1.52 प्रतिशत फिसल कर 6,672.62 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके अलावा नैस्डेक 404.16 अंक यानी 1.78 प्रतिशत लुढ़क कर 22,311.98 अंक के स्तर पर बंद हुआ। वहीं डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज फिलहाल 217.30 अंक यानी 0.47 प्रतिशत की मजबूती के साथ 46,895.15 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है।
यूरोप के बाजार में भी पिछले सत्र के दौरान लगातार बिकवाली होती रही। एफटीएसई इंडेक्स 0.47 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 10,305.15 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह सीएसी इंडेक्स ने 0.72 प्रतिशत की गिरावट के साथ 7,984.44 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके अलावा डीएएक्स इंडेक्स 0.21 प्रतिशत टूट कर 23,589.65 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
एशियाई बाजार में भी आज बिकवाली का दबाव बना हुआ है। एशिया के नौ बाजार में से आठ के सूचकांक गिरावट के साथ लाल निशान में कारोबार कर रहे हैं, जबकि एक सूचकांक मजबूती के साथ हरे निशान में बना हुआ है। एशियाई बाजार में इकलौता स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स 0.10 प्रतिशत की तेजी के साथ 4,860.20 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है।
दूसरी ओर, गिफ्ट निफ्टी 243.50 अंक यानी 1.03 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,473.50 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह हैंग सेंग इंडेक्स 150.76 अंक यानी 0.59 प्रतिशत लुढ़क कर 25,566 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है। जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स में आज बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। फिलहाल यह सूचकांक 129.13 अंक यानी 1.75 प्रतिशत फिसल कर 7,232.99 अंक के स्तर पर आ गया है।
इसी तरह कोस्पी इंडेक्स 83.29 अंक यानी 1.49 प्रतिशत टूट कर 5,499.96 अंक के स्तर तक गिर गया है। इसके अलावा सेट कंपोजिट इंडेक्स 1.13 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 1,413.67 अंक के स्तर पर, निक्केई इंडेक्स 588.96 अंक यानी 1.08 प्रतिशत की गिरावट के साथ 53,864 अंक के स्तर पर, ताइवान वेटेड इंडेक्स 140.46 अंक यानी 0.42 प्रतिशत लुढ़क कर 33,441.40 अंक के स्तर पर और शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 0.22 प्रतिशत टूट कर 4,120.14 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहे हैं।