अररिया 21 मार्च। जिला आपूर्ति पदाधिकारी दिनेश पासवान जिले में एलपीजी गैस की उपलब्धता एवं आपूर्ति की वर्तमान स्थिति की शनिवार को विस्तृत जानकारी दी।
जिला आपूर्ति पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि अररिया जिले में घरेलू गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और वर्तमान में मांग के मुकाबले पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। उन्होंने जानकारी दी कि जिले में कुल 16,179 गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं, जबकि पेंडिंग बुकिंग की संख्या 14,669 है। इस प्रकार गैस की आपूर्ति मांग से अधिक बनी हुई है और घरेलू एवं व्यावसायिक दोनों प्रकार के सिलेंडरों की कोई कमी नहीं है।
वहीं मौके पर मौजूद जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि जिला प्रशासन द्वारा अफवाह फैलाने वालों एवं कालाबाजारी करने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। सभी अनुमंडल पदाधिकारी एवं मार्केटिंग ऑफिसर अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर गैस वितरण व्यवस्था की सतत निगरानी कर रहे हैं।विधि-व्यवस्था संधारण के दृष्टिकोण से विभिन्न गैस एजेंसियों पर 14 मजिस्ट्रेट एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। फिलहाल किसी भी एजेंसी पर भीड़ या अव्यवस्था की स्थिति नहीं है।
शिक्षण संस्थानों एवं छात्रावासों में एलपीजी गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु जिला शिक्षा पदाधिकारी तथा स्वास्थ्य संस्थानों में सिविल सर्जन के माध्यम से आवश्यक व्यवस्था की गई है। अधिकारियों ने बताया कि शहरी क्षेत्रों में गैस बुकिंग की समय-सीमा 25 दिन तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन निर्धारित की गई है।