मंडी, 06 मार्च । मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने मंडी जिला के एक दिवसीय दौरे के दौरान नाचन के दयारगी में लगभग 60 करोड़ रुपए की लागत की 14 विकासात्मक परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास किए। मुख्यमंत्री ने नाबार्ड के अंतर्गत 25.99 करोड़ रुपए की लागत से शिमला-मंडी सड़क वाया तत्तापानी चैलचौक से बग्गी के उन्नयन कार्य का उद्घाटन किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने 6.96 करोड़ रुपए की लागत से नाबार्ड के तहत नेहरा से फगोह वाया कुथल, बगला, लोअर नातन मार्ग तथा कंसा खड्ड पर मोटरेबल पुल सहित सड़क का उद्घाटन किया।
उन्होंने 2.75 करोड़ रुपए की लागत से धनोटू में निर्मित लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह, तहसील बल्ह के चम्यार में 12 लाख रुपये की लागत से निर्मित पटवार भवन, ग्राम पंचायत कोटली में 14 लाख रुपए की लागत से निर्मित अपना पुस्तकालय, जाछ (झुंगी) में 55 लाख रुपए की लागत से निर्मित लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता कार्यालय एवं आवास भवन का उद्घाटन किया।
मुख्यमंत्री ने निचली बेहली में 37 लाख रुपए की लागत से निर्मित सामुदायिक केंद्र तथा 38-38 लाख रुपए की लागत से जाच और फंगवास में सामुदायिक केंद्रों का भी उद्घाटन किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने ग्राम पंचायत पंडोह में 8 लाख रुपए की लागत से निर्मित पुस्तकालय का लोकार्पण भी किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने 3.08 करोड़ रुपए की लागत से तहसील सुंदरनगर की चौक, महादेव, अपर बेहली, चंबी, पलोहोटा, जय देवी तथा बलाना ग्राम पंचायतों के लिए उठाऊ जलापूर्ति योजना का उद्घाटन किया।
इसके साथ ही 3.14 करोड़ रुपए की लागत से जल जीवन मिशन के अंतर्गत तहसील बल्ह की ग्राम पंचायत धाबन और लोहारा तथा टांडा की बस्तियों के लिए उठाऊ जलापूर्ति योजना तथा 11.57 करोड़ रुपए की लागत से तहसील चच्योट की ग्राम पंचायत सैंज और नंदी के विभिन्न गांवों के लिए उठाऊ जलापूर्ति योजना को भी लोगों को समर्पित किया। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने 3.67 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित होने वाली गडोग नाला से बरनोग सड़क का शिलान्यास भी किया।