अजमेर, 24 मार्च। राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि नशा नाश का ही नहीं सर्वनाश का कारण है। नशे की प्रवृत्ति इंसान को अपनी प्रतिष्ठा एवं शारीरिक क्षमता को तोड़कर भिक्षुक बना देती है। उन्होंने राजस्थान को पोलिथिन मुक्त बनाने और गोमाता की सेवा एवं सुरक्षा के लिए श्रद्धालुओं को प्रेरित किया।
दिलावर मंगलवार को राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड का दसवीं का परीक्षा परिणाम जारी करने के लिए अजमेर आए हुए थे। यहां से वे नसीराबाद के निकट राजगढ़ धाम पहुंचे जहां मंगलवार को छठ मेले में हजारों की संख्या में श्रद्धालु आए हुए थे। शिक्षा मंत्री ने कहा कि राजगढ़ भैरवधाम देश का अनूठा धार्मिक स्थल है जहां न तो दान, चंदा, चढ़ावा, गुप्तदान चढ़ता है ना ही फूल माला या प्रसाद जो कि दूसरे धार्मिक स्थलों से बहुत भिन्न बात है। उन्होंने कहा कि बाबा भैरव का आशीर्वाद महंत चम्पालाल महाराज के सान्निध्य में प्राप्त करने वालों की सच्ची आस्था है तो वे जरूर राजस्थान को पोलिथिन मुक्त बनाएंगे और गऊ माता की सेवा और सुरक्षा के लिए गऊ शालाओं को अधिक से अधिक सहयोग की शपथ लेंगे भैरव बाबा उनकी मनोकामना पूरी करेंगे। उन्होंने कहा कि उन्हें यहां पहली बार पहुंचने का मौका मिला। वास्तव में राजगढ़ भैरव धाम सर्व धर्म शक्ति स्थल है। दिलावर के धाम पर पहुंचने पर प्रबंधन समिति और श्रद्धालुओं ने उन्हें धाम के प्रमुख उपासक चंपालाल महाराज से मिलवाया।