नई दिल्ली, 14 मार्च । दिल्ली खेल महाकुंभ के अंतर्गत आयोजित वॉलीबॉल प्रतियोगिता के ग्रैंड फिनाले का आयोजन शनिवार को जनकपुरी के एसकेवी विद्यालय में किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में दिल्ली के शिक्षा और खेल मंत्री आशीष सूद ने ग्रैंड फिनाले में पहुंचे महिला एवं पुरुष वर्ग के सभी खिलाड़ियों को अपनी शुभकामनाएं दी।
इस अवसर पर सूद ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि दिल्ली खेल महाकुंभ केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि दिल्ली के खिलाड़ियों के भविष्य को मजबूत बनाने की दिल्ली सरकार की एक बड़ी योजना की शुरुआत है।
दिल्ली खेल महाकुंभ 2026 के अंतर्गत आयोजित वॉलीबॉल फाइनल ने हमारे युवा खिलाड़ियों के अद्भुत समर्पण, अनुशासन और प्रतिस्पर्धात्मक की भावना को प्रदर्शित किया है। कोर्ट पर टीमों को अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए देखना बेहद प्रेरणादायक है। यह हमें याद दिलाता है कि खेल केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण, दृढ़ता और एकता की भावना को भी मजबूत करते हैं।
उन्होंने कहा कि पिछले एक महीने के दौरान आयोजित इस खेल महाकुंभ में 23,000 से अधिक खिलाड़ियों को विभिन्न खेलों में भाग लेने का अवसर मिला। इस प्रकार की पहल दिल्ली के युवाओं को सशक्त बनाती हैं और दिल्ली में खेल संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में दिल्ली सरकार का एक महत्वपूर्ण कदम है।
मंत्री ने कहा कि दिल्ली में इस खेल प्रतियोगिता का उद्देश्य केवल प्रतियोगिता कराना नहीं, बल्कि दिल्ली के खिलाड़ियों को भविष्य में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार का लक्ष्य है कि आने वाले समय में दिल्ली के खिलाड़ी नेशनल गेम्स, एशियाड, कॉमनवेल्थ गेम्स और ओलंपिक जैसे बड़े मंचों पर देश के लिए अधिक से अधिक पदक जीत कर भारत और दिल्ली का नाम रोशन करे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह वर्धन करते हुए कहा की अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में गोल्ड, सिल्वर मेडल लाना एक दिन में नहीं होगा लेकिन एक दिन जरूर होगा। आप लोग निरंतर प्रेक्टिस और मेहनत कर अपने लिए बड़े लक्ष्य निर्धारित करें। दिल्ली सरकार खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं, अच्छे कोच और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार खिलाड़ियों के साथ केवल एक प्रशासक के रूप में नहीं, बल्कि एक कोच और अभिभावक की तरह खड़ी रहेगी और उन्हें आगे बढ़ने के लिए हर संभव सहयोग दिया जाएगा।
सूद ने सभी कोचों, स्टेडियम प्रभारियों और स्कूलों के खेल शिक्षकों से भी अपील की कि वे मिलकर ऐसा खेल वातावरण तैयार करें जिससे दिल्ली के युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अधिक से अधिक अवसर मिल सके।