अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत 100 डॉलर प्रति बैरल के स्तर से नीचे

Share

नई दिल्ली, 25 मार्च । पश्चिम एशिया में शांति होने की उम्मीद के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड ऑयल (कच्चे तेल) की कीमत आज एक बार फिर 100 डॉलर प्रति बैरल के स्तर से नीचे आ गई है। भारतीय समय के मुताबिक सुबह 10:15 बजे ब्रेंट क्रूड 99.17 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर और वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (डब्ल्यूटीआई) क्रूड 88.51 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर कारोबार कर रहे थे। इसके पहले ब्रेंट क्रूड पिछले कारोबारी दिन यानी मंगलवार को 104.49 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं डब्ल्यूटीआई क्रूड ने 92.35 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर मंगलवार के कारोबार का अंत किया था।

आज के कारोबार की शुरुआत में ब्रेंट क्रूड लगभग छह प्रतिशत की कमजोरी के साथ 99.83 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर खुला। ट्रेडिंग शुरू होने के थोड़ी देर बाद ही ब्रेंट क्रूड की कीमत घट कर 97.18 डॉलर प्रति बैरल के स्तर तक आ गई। इस गिरावट के बाद ब्रेंट क्रूड की कीमत में इजाफा हुआ, जिससे थोड़ी देर के लिए ब्रेंट क्रूड उछल कर 100.03 डॉलर प्रति बैरल के स्तर तक पहुंच गया। हालांकि थोड़ी देर बाद ही इसकी कीमत एक बार फिर 100 डॉलर के स्तर से नीचे आ गई। सुबह 10:15 बजे तक का कारोबार होने के बाद ब्रेंट क्रूड 5.11 प्रतिशत की गिरावट के साथ 99.17 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

ब्रेंट क्रूड की तरह ही वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (डब्ल्यूटीआई) क्रूड में भी आज पांच प्रतिशत से अधिक की गिरावट दर्ज की गई। डब्ल्यूटीआई क्रूड ने आज 88.53 डॉलर प्रति बैरल के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। थोड़ी ही देर में इसकी कीमत टूट कर 86.72 डॉलर प्रति बैरल के स्तर तक आ गई। इसके बाद कुछ देर के लिए डब्ल्यूटीआई क्रूड उछल कर 89.36 डॉलर प्रति बैरल के स्तर तक पहुंचा। सुबह 10:15 बजे तक का कारोबार होने के बाद डब्ल्यूटीआई क्रूड 4.08 प्रतिशत की गिरावट के साथ 88.51 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर कारोबार कर रहा था।