शिमला : दोस्त की हत्या कर खेत में दबाया शव, नेपाल भागा दूसरा आरोपी भी गिरफ्तार

Share

शिमला, 28 मार्च । शिमला ज़िला के सुन्नी क्षेत्र में होली की रात दोस्त की हत्या कर शव को खेत में गड्ढे में दबाने की खौफनाक वारदात में फरार चल रहे दूसरे आरोपी को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार वारदात के बाद यह आरोपी नेपाल भाग गया था, लेकिन तकनीकी जांच और लगातार पीछा करने के बाद उसे बिहार से पकड़ लिया गया। इस मामले में अब हत्या के दोनों मुख्य आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं।

शिमला पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार दूसरे आरोपी की पहचान बिकेश कुमार (31) निवासी जिला पूर्वी चंपारण (मोतिहारी), बिहार के रूप में हुई है। आरोपी वारदात के बाद नेपाल भाग गया था। पुलिस टीम ने लगातार तकनीकी विश्लेषण और मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर नेपाल सीमा क्षेत्र तक उसका पीछा किया और सुनियोजित कार्रवाई करते हुए उसे उसके गांव देवी छपरा, जिला पूर्वी चंपारण से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को चंपारण की अदालत में पेश किया जा रहा है, जहां से ट्रांजिट रिमांड लेने के बाद उसे शिमला लाया जाएगा।

एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने दूसरे अभियुक्त की गिरफ्तारी की पुष्टि की है।

इससे पहले इसी मामले में मुख्य आरोपी अरुण कुमार को भी 25 मार्च को बिहार के मुजफ्फरपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया जा चुका है।

एसएसपी शिमला गौरव सिंह का कहना है कि अब हत्या की इस वारदात में शामिल दोनों प्रमुख आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं और मामले की आगे की जांच जारी है।

दरअसल यह मामला उस समय सामने आया था, जब बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी चतुरी राम ने 15 मार्च को थाना सुन्नी में अपने 25 वर्षीय बेटे राम प्रवेश राम की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। उन्होंने बताया था कि उनका बेटा अपने साथियों के साथ बसंतपुर क्षेत्र में किराए के कमरे में रहकर आरसीसी के मकानों का निर्माण कार्य करता था और 3–4 मार्च की रात से अचानक लापता हो गया था।

गुमशुदगी की जांच के दौरान पुलिस ने मोबाइल कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पता लगाया कि होली की रात 3–4 मार्च को राम प्रवेश राम और उसके साथियों के बीच झगड़ा हुआ था। इसके बाद पुलिस को शक हुआ कि मामला साधारण गुमशुदगी का नहीं बल्कि हत्या से जुड़ा हो सकता है।

जांच आगे बढ़ने पर 23 मार्च को पुलिस ने बसंतपुर क्षेत्र में खेत से गड्ढा खोदकर एक शव बरामद किया, जिसकी पहचान राम प्रवेश राम के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने झगड़े के बाद युवक की हत्या कर उसका शव खेत में दबा दिया था और वारदात के बाद अलग-अलग स्थानों पर फरार हो गए थे।