मुख्यमंत्री सुक्खू ने दी सुजानपुर होली उत्सव की बधाई, देशवासियों को किया आमंत्रित

Share

शिमला, 01 मार्च । मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने सभी प्रदेशवासियों और देशवासियों को सुजानपुर में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय स्तरीय होली उत्सव की हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि सुजानपुर की होली वर्षों से हमारी समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर, सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे का जीवंत प्रतीक रही है।

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि यह ऐतिहासिक उत्सव पीढ़ियों से प्रेम, सहयोग और मिलन की परंपरा को संजोए हुए है। सुजानपुर की होली न केवल हिमाचल प्रदेश की पहचान है, बल्कि यह राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक विविधता का भी प्रतीक बन चुकी है।

उन्होंने कहा कि इस राष्ट्रीय स्तरीय होली उत्सव में देश के विभिन्न हिस्सों से लोग भाग लेते हैं, जिससे प्रदेश की संस्कृति, लोक परंपराओं और कला को व्यापक पहचान मिलती है।

मुख्यमंत्री ने समस्त देशवासियों को इस भव्य उत्सव में भाग लेने का हार्दिक आमंत्रण देते हुए कहा कि सुजानपुर की पावन धरा पर आयोजित यह होली मेला आपसी प्रेम और सद्भाव का संदेश देता है।

गाैरतलब है कि सुजानपुर में हाेली का राष्ट्रीय स्तरीय होली उत्सव आज से आरंभ हो रहा हैै।