जयपुर, 29 मार्च । प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में बदलाव दर्ज किया गया है। रविवार को अधिकांश शहरों में बादल छाए रहे, जबकि श्रीगंगानगर सहित कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई। बादलों के कारण दिन के तापमान में गिरावट और रात के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार राज्य में रात के तापमान में कई स्थानों पर उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, जिसमें फतेहपुर में करीब 9 डिग्री तक का उछाल दर्ज किया गया। कोटा में अधिकतम तापमान 39.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि फलौदी में न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस के साथ रात सबसे गर्म रही। बीकानेर, लूणकरणसर और कोटा में भी रात का तापमान 25 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि 30 और 31 मार्च को पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव सर्वाधिक रहेगा। इस दौरान जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर, उदयपुर और कोटा संभाग के कुछ हिस्सों में तेज मेघगर्जन, 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी और कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि अप्रैल के प्रथम सप्ताह में भी लगातार पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहने के कारण राज्य के पश्चिमी और उत्तरी भागों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है।
राजधानी जयपुर में दिनभर छितराए बादल छाए रहे और दोपहर बाद धूलभरी हवाएं चलीं। इस दौरान सूरज और बादलों के बीच आंख-मिचौली का दौर जारी रहा। जयपुर का अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिसमें दिन के तापमान में 1.6 डिग्री और रात के तापमान में 2.5 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई।