शिवपुरीः करैरा में कपड़ा व्यापारी के मकान में लगी भीषण आग, पुलिस ने सो रहे परिवार को सुरक्षित निकाला

Share

शिवपुरी, 14 मार्च । मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के करैरा कस्बे में नए बस स्टैंड क्षेत्र स्थित एक कपड़ा व्यापारी के मकान में भीषण आग लगने से पूरा घर जलकर खाक हो गया। पुलिस की सतर्कता और स्थानीय लोगों की मदद से मकान में सो रहे परिवार के सभी सदस्यों को समय रहते बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार, करैरा नगर के नए बस स्टैंड स्थित कनकने वस्त्र भंडार के मकान में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी देर रात करीब 2 से 2:30 बजे के बीच अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया और घर में रखा अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो गया। घटना के समय सहायक उप निरीक्षक शैलेंद्र सिंह चौहान अपनी पुलिस टीम के साथ नगर में रात्रि गश्त पर थे। इसी दौरान उन्होंने मकान से आग की लपटें उठती देखीं और तुरंत करैरा थाना प्रभारी विनोद सिंह छावई को सूचना दी।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विनोद सिंह छावई पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। रास्ते में ही दमकल विभाग को सूचना दी गई, जिसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बताया गया है कि आग लगने के समय परिवार के सभी सदस्य मकान के अंदर सो रहे थे। पुलिस और स्थानीय लोगों ने तत्काल सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि, आग से मकान और उसमें रखा सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया, जिससे लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। प्राथमिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट, एसी फटने या गैस सिलेंडर में विस्फोट को माना जा रहा है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है।