अनबुक्ड लगेज के खिलाफ चेकिंग अभियान, कुल 2015 किलोग्राम अनबुक्ड सामान पर 46,999 रूपये जुर्माना

Share

प्रयागराज, 11 मार्च । प्रयागराज मण्डल द्वारा जंक्शन पर चले चेकिंग अभियान के दौरान कुल 2015 किलोग्राम अनबुक्ड सामान पकड़ा गया। जिस पर 46,999 रूपये जुर्माना लगाया गया।जनसम्पर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि मण्डल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन में वरिष्ठ मण्डल वाणिज्य प्रबंधक कोचिंग हरिमोहन के निर्देशन में प्रयागराज जंक्शन पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। गाड़ी संख्या 20802 नई दिल्ली-इस्लामपुर मगध एक्सप्रेस से 02 पैकेट तथा गाड़ी संख्या 22582 से 32 पैकेट अनबुक्ड लगेज बरामद किए गए। कुल 840 किलोग्राम अनबुक्ड सामान पकड़ा गया, जिस पर रेलवे नियमों के अंतर्गत 19,955 रू. का जुर्माना वसूला गया। साथ ही दो पैकेट अनबुक्ड लगेज को एलपीओ में जमा कराया गया। इस अभियान में वाणिज्य निरीक्षक ज्ञानेश्वर पटेल, अमृत सागर भारती, मनीष कुमार मौर्य सहित 8 टिकट चेकिंग स्टाफ द्वारा स्टेशन से होकर गुजरने वाली गाड़ियों संख्या 12428, 12802, 20802, 12418, 15657 तथा 22582 की सघन जांच की गई। इसके अतिरिक्त मगध एक्सप्रेस में पाए गए 119 किलोग्राम अनबुक्ड पैकेज, जिन्हें प्रयागराज जंक्शन पर नहीं उतारा जा सका, उन्हें वाणिज्य निरीक्षक मिर्जापुर एस. के अकेला को सूचित कर मिर्जापुर स्टेशन पर उतरवाया गया, जहां सम्बंधित व्यक्तियों से 4,405 का जुर्माना वसूला गया।इसी क्रम में प्रयागराज जंक्शन पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान गाड़ी संख्या 12562, 03094, 03436, 12428, 20802, 12418, 12802 तथा 22582 के विभिन्न श्रेणियों के कोचों में टिकट एवं लगेज की सघन जांच की गई। जांच के दौरान गाड़ी संख्या 12418 प्रयागराज एक्सप्रेस के जनरल, स्लीपर तथा अन्य कोचों में विशेष चेकिंग की गई, जिसमें 03 बिना टिकट यात्रियों को पकड़ा गया। साथ ही यात्रियों के पास बड़ी मात्रा में अनबुक्ड लगेज पाया गया। कुल 1056 किलोग्राम अनबुक्ड सामान पकड़ा गया, जिस पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए 22,639 रू. का जुर्माना वसूला गया।इस चेकिंग अभियान में वाणिज्य विभाग की टीम ने सक्रिय भागीदारी निभाई। अभियान में मुख्य वाणिज्य निरीक्षक राहुल दुबे, मुख्य वाणिज्य निरीक्षक प्रियरंजन कुमार, मण्डल मुख्य टिकट निरीक्षक दिवाकर शुक्ला, मुख्य टिकट निरीक्षक संतोष कुमार, दीपक कुमार, दीपक सिंह तथा उप मुख्य टिकट निरीक्षक हितेन्द्र कुमार सहित अन्य चेकिंग स्टाफ उपस्थित रहे।