माताएं-बहनें सशक्त होकर समाज के समग्र विकास में निभा रही अहम योगदान : मुख्यमंत्री साय

Share

जगदलपुर, 08 मार्च । छत्तीसगढ़ के जगदलपुर जिले के विकासखंड मुख्यालय बस्तर में रविवार काे आयोजित संभाग स्तरीय वृहद महतारी वंदन सम्मेलन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं दी और महतारी वंदन योजना की 25 वीं किश्त को हितग्राहियों के खाते में हस्तांतरित करने की बधाई देते हुए कहा कि महतारी वंदन योजना से माताओं और बहनों का आर्थिक सशक्तिकरण हो रहा है। इस योजना को दो साल पूरे हुए हैं । लगातार चौबीस किश्त के बाद आज योजना के सत्तर लाख हितग्राहियों के खातों में एक-एक हजार रुपए जारी किए हैं जो कि 25 वीं किश्त की राशि महतारी और बहनों के बैंक खातों में 641 करोड़ 58 लाख रुपये हस्तांतरित की गई। मुख्यमंत्री ने महतारी वंदन हेतु बजट में भी 8 हजार दो सौ करोड़ का प्रावधान किया जाने की जानकारी दी। प्रदेश भर के महिला हितग्राहियों से योजना के राशि का उपयोग के संबंध में संवाद का उल्लेख करते हुए कहा कि एक सुखद अनुभव है, कि कोई माता महतारी वंदन योजना की राशि को अपनी बेटी के नाम पर सुकन्या समृद्धि योजना में खाता खोली, कोई सिलाई मशीन खरीद कर कपड़े सिलाई करते हुए परिवार को आर्थिक सहायता दे रही है, कोई हितग्राही छोटे होटल को बड़े होटल का स्वरूप देकर दस से पंद्रह हजार रुपए कमा रही हैं।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इस कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आज लक्ष्मी सखी मिलेट कार्ट का भी शुभारंभ किया। इस मिलेट कार्ट में पुनर्वासित महिलाओं को जोड़ा गया है, जिनको कृषि कालेज के द्वारा प्रशिक्षण दिया जा रहा है । ग्राम पंचायतों में महिलाओं को विपणन के लिए महतारी सदन का निर्माण, लखपति पहल योजना का क्रियान्वयन किया जा रहा है। कल रायपुर में लखपति पहल योजना के कार्यक्रम का आयोजन किया गया था जिसमें प्रदेश की सभी लखपति दीदी पहुंची थीं, इसके अलावा अन्य क्षेत्र में काम करने वाली दीदियों ने अपने अनुभव साझा किए। दीदियाँ आर्थिक सशक्त हो रही हैं, सरकार इसके लिए हरसंभव प्रयास कर रही है ।

वृहद महतारी वंदन सम्मेलन को संबोधित करते हुए महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने उपस्थित माताओं एवं बहनों को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की बधाई देते हुए कहा कि हमारी सरकार गठित होने के तुरंत बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गारंटी को लागू करने पर ध्यान केंद्रित किया और इसी कड़ी में महिलाओं को महतारी वंदन योजना से सहायता राशि प्रदान करने का निर्णय भी था। जिससे राज्य के करीब 70 लाख माताएं एवं बहनें लाभान्वित हो रही है। महतारी वंदन योजना के अंतर्गत नियमित रूप से हर महीने सहायता राशि प्रदाय करना अपने वादे के प्रति वचनबद्धता है। साथ ही विभिन्न जनहितकारी योजनाओं से महिलाओं को लाभान्वित करने हेतु प्राथमिकता दे रही है, जिसके फलस्वरूप प्रदेश के विकास में महिलाओं की भागीदारी बढ़ी है।

विधायक किरण देव ने माताओं-बहनों को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की बधाई देते हुए कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार महिला सशक्तीकरण के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रही हैं। इन योजनाओं का कारगर क्रियान्वयन से अब हमारी माताएं और बहनें घर परिवार को खुशहाल बनाने में जुटी हैं और प्रदेश के विकास में अहम योगदान दे रही हैं।

इस अवसर पर दंतेवाड़ा विधायक चैतराम आटामी, ब्रेवरेज कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष श्रीनिवास राव मद्दी, अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष रूपसिंह मंडावी, जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप, महापौर संजय पांडेय, राज्य लघु वनोपज संघ के अध्यक्ष रूपसाय सलाम सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

————–