मोहमन्दाबाद के दरोगा पर रिश्वतखोरी का मामला दर्ज

Share

फर्रुखाबाद,24 मार्च । उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद में रिश्वत लेने के आरोप में थाना मोहम्मदाबाद में तैनात दरोगा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामला ग्राम पंचायत की जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत से जुड़ा हुआ है।

कोतवाली मोहम्मदाबाद के दरोगा सुरेश चाहर के खिलाफ रिश्वत लेने का मामला दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई एसपी के निर्देश पर कोतवाली फतेहगढ़ में की गई।

अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह के मुताबिक, ग्राम पंचायत निसाई की प्रधान गीता देवी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि दरोगा ने जांच और कार्रवाई के नाम पर उनसे नकद और ऑनलाइन माध्यम से पैसे लिए।

आरोप है कि दरोगा सुरेश चाहर ने अपने पुत्र के खाते में करीब 75 हजार रुपये नकद और यूपीआई के जरिए अलग-अलग तारीखों में रकम ट्रांसफर करवाई। प्रधान द्वारा दिए गए ट्रांजैक्शन के सबूतों के आधार पर पुलिस ने भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।

बताया जा रहा है कि ग्राम समाज की जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत के निस्तारण के नाम पर यह रकम ली गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है और दरोगा के निलंबन की भी संभावना जताई जा रही है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।